बिलासपुर में बने स्मार्ट सिटी रोड में गुजरते ही पद्मश्री और वरिष्ठ साहित्यकार पं. श्यामलाल चतुर्वेदी की यादें ताजा हो जाएंगी। नेहरू चौक से जरहाभाठा मार्ग पर वेयर हाउस रोड के बाजू में बने शहर की पहली स्मार्ट सिटी रोड में प्रवेश करते ही पं. श्यामलाल चतुर्वेदी की आदमकद प्रतिमा लगाई गई है। अब इस आकर्षक मार्ग में उनके नाम का गेट भी लगाया गया है।
करीब 10 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित इस रोड का लोकार्पण 3 जनवरी 2021 को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किया था। इस दौरान उन्होंने शहर की पहली स्मार्ट सिटी रोड का नाम अंचल के वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार पद्मश्री पं. श्यामलाल चतुर्वेदी के नाम किया था। इसके साथ ही उन्होंने उनकी आदमकद प्रतिमा का अनावरण भी किया था। सोमवार को स्मार्ट सिटी लिमिटेड की ओर से निर्मित पद्मश्री पंडित श्यामलाल चतुर्वेदी स्मार्ट रोड का गेट लगाया गया।
छत्तीसगढ़ी राजभाषा आयोग के पहले अध्यक्ष रहे
वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार पं. चतुर्वेदी छत्तीसगढ़ी राजभाषा आयोग के प्रथम अध्यक्ष रहे। 2 अप्रैल 2018 को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने उनके व्यक्तित्व व कृतित्व पर उन्हें मरणोपरांत पद्मश्री सम्मान प्रदान किया था। 7 दिसंबर 2018 को 92 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया था।
आक्सीजोन वाला स्मार्ट रोड
स्मार्ट सिटी लिमिटेड की ओर से बनाए गए पद्मश्री पं श्यामलाल चतुर्वेदी स्मार्ट रोड की कई खूबियां हैं। शहर की इस पहली स्मार्ट रोड में अंडर ग्राउंड बिजली तार बिछाई गई है और बाक्स टाइप ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। बारिश के पानी को बचाने के लिए अलग से ड्रेन बनाई है। 40 फुट चौड़ी इस सड़क की कुल लंबाई 914 मीटर है।
हरियाली की दृष्टि से रोड के दोनों ओर पौधे लगाए गए थे, जो अब तेजी से बढ़ रहे हैं। सुगम आवागमन की दृष्टि से रोड पर पार्किंग प्रतिबंधित किया गया है। वहीं इस मार्ग पर व्यवसायिक उपयोग की अनुमति नहीं है। प्रथम चरण में 7.80 करोड़ की लागत से मुख्य मार्ग से मिट्टी तेल गली 720 मीटर तथा दूसरे चरण में तिरंगा चौक से स्मार्ट रोड तक 194 मीटर रोड का निर्माण 2.019 करोड़ से किया गया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.