बिलासपुर में एक युवक को दूसरों की मदद करना महंगा पड़ गया। जिन लोगों ने उसे मदद के लिए रोका था। उन्हीं ने उसे जमकर पीट दिया। इतना ही नहीं उसकी बाइक तक जला डाली। आरोपी युवक के वहां से जाने पर भड़के थे। सभी ने युवक को चाबी भेजने के लिए रोका था। मामला रतनपुर थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
रतनपुर के गोदइयां का रहने वाला नीलकमल साहू बिलासपुर के किसी कपड़ा शोरूम में काम करता है। उसने शनिवार को पुलिस से शिकायत करते हुए बताया कि, वह हर रोज अपनी बाइक से घर से बिलासपुर आना-जाना करता है। गुरुवार की रात वह अपनी बाइक से घर जा रहा था और पेंडरवा के दलपत तालाब के पास पहुंचा ही था, तो वहां पर सोनू श्रीवास, निखिल यादव व अन्य लोग खड़े थे।
शिकायत में बताया गया कि वे लोग अपनी चाबी खोज रहे थे। अंधेरा होने की वजह से उन्होंने उससे मदद मांगी। उसने अपनी गाड़ी की हेडलाइट जलाई, जिसकी रोशनी पर वे लोग चाबी खोजने लगे। काफी देर खोजने के बाद भी जब चाबी नहीं मिली तो वह अपने घर जाने लगा। इस पर युवक भड़क गए और गालीगलौज करते हुए उसे पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद युवक किसी तरह वहां से भागा और कुछ देर बाद ग्रामीणों के साथ वापस आया। लेकिन, युवक वहां नहीं थे, उसकी बाइक आग में जल रही थी। पुलिस ने आरोपियों पर धारा 294, 323, 34, 435 के तहत केस दर्ज कर इसकी जांच शुरू कर दी है।
डायल 112 को बुलाया
युवक ने पुलिस को बताया कि, आरोपी उसके साथ हाथापाई करने लगे तो वह वहां से किसी तरह जान बचाकर भागा और अंधेरे का फायदा उठाते हुए एक पेड़ के पीछे जाकर छिप गया। जहां से उसने डायल 112 को कॉल करके घटना की जानकारी दी। थोड़ी समय बाद वहां से कुछ ग्रामीण गुजरे, जिनके साथ वह घटनास्थल पहुंचा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.