बिलासपुर में गुरुवार की सुबह तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे आग ताप रहे ग्रामीणों को चपेट में ले लिया। इस हादसे में एक ग्रामीण की मौत हो गई। वहीं, चार ग्रामीण घायल हो गए। अनियंत्रित कार को देखकर ग्रामीणों ने इधर-उधर भाग कर अपनी जान बचाई। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। घटना सीपत थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार सीपत क्षेत्र के ग्राम कुली में गुरुवार की सुबह करीब 6 बजे आधा दर्जन ग्रामीण मेन रोड के किनारे पैरा जलाकर आग ताप रहे थे। उसी समय बिलासपुर तरफ से जा रही कार क्रमांक सीजी 13 AM 8968 को चालक काफी तेज रफ्तार से चला था। अचानक चालक ने कार को गलत दिशा में मोड़ दिया और सड़क किनारे बैठे ग्रामीणों को चपेट में ले लिया। इस हादसे में अनियंतत्रित कार सौखी सिंह ठाकुर पिता गोरेलाल ठाकुर (52) के ऊपर चढ़ गई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना में धनपाल, दिनेश व धीरेंद्र भी घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। अपोलो अस्पताल पहुंचते तक सौखी सिंह ठाकुर की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीण दिनेश ने बताया कि अनियंत्रित कार को आते देखकर उन्होंने भाग कर अपनी जान बचाई।
नाराज ग्रामीणों की जुटी भीड़, जाम की स्थिति बनी
इस घटना के बाद वहां आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते वहां ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, इससे पहले ही वहां जाम की स्थिति निर्मित हो गई। करीब आधे घंटे तक वाहनों की कतार लग गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहनों की आवाजाही शुरू कराई। तब जाकर स्थिति सामान्य हुई।
ग्रामीणों ने चालक की कर दी जमकर पिटाई
TI राजकुमार शौरी ने बताया कि इस हादसे में कार सड़क किनारे नाली में फंस गई। इसके चलते चालक व उसमें सवार एक अन्य व्यक्ति किसी तरह बाहर निकले। नाराज ग्रामीणों ने चालक की पिटाई भी कर दी। इस बीच आसपास के लोगों ने समझाइश देकर शांत कराया। फिर मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक को पकड़ लिया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.