फिल्मी दुनिया में 10 से 12 साल तक साथ बिताने और एक-दूसरे से बेहद प्यार करने वाली जोड़ी चित्राशी और ध्रवादित्य की आज छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में शादी होने जा रही है। अपने इस खास पल को यादगार बनाने के लिए उनकी तैयारी भी जोरदार चल रही है। दैनिक भास्कर से चित्राशी और ध्रुवादित्य ने अपने लव स्टोरी को साझा किया और बताया कि कैसे अपने रिश्ते को संभाल कर रखा।
रायपुर के रहने वाले ध्रुवादित्य कहते हैं कि मैं मूल रूप से छत्तीसगढ़िया हूं और अपने आपको छत्तीसगढ़िया कहता हूं। मुंबई भले ही मेरी कर्म भूमि है। लेकिन, मैं पला-बढ़ा रायपुर में हूं, मेरी स्कूलिंग भी रायपुर में हुई है। इसीलिए शादी करने के लिए बिलासपुर आया हूं।
मेरी सबसे अच्छी फ्रेंड अब बनेगी पत्नी
धुवादित्य कहते हैं कि मुझे इस बात की खुशी है कि चित्राशी मेरी बेस्ट फ्रेंड है, और अब वो मेरी पत्नी बनने जा रही है। हमारा रिलेशनशिप भी पुराना है और हम एक-दूसरे को अच्छे से जानते हैं। चित्राशी खूबसूरत है, इसलिए मैं लकी हूं।
चित्राशी बोलीं- 12 साल तक संभाल कर रखा रिश्ता
चक दे इंडिया में कोमल चौटाला की भूमिका अदा करने वाली चित्राशी रावत ने कहा कि उन्होंने 12 साल तक ध्रुवादित्य के साथ समय बिताए हैं। तब हमारा रिलेशनशिप प्राइवेट था। हमारा मानना था कि जब हम शादी करेंगे तो सबको पता चला जाएगा। हमने अपने रिश्ते को काफी संभाल के प्यार से रखा था और आज फाइनली हम शादी करने जा रहे हैं।
मायानगरी के हीं ध्रुवादित्य
छत्तीसगढ़ के युवा को अपना जीवन साथी बनाने के सवाल पर चित्राशी ने कहा कि ध्रुवादित्य भले ही छत्तीसगढ़ से हैं। लेकिन, माया नगरी के ही हो गए हैं। कलाकार हैं, लिखते भी हैं और एक्टर हैं। इसलिए उनके साथ आ गई।
प्रेममयी मूवी के बाद आए एक-दूसरे के करीब
ध्रुवादित्य और चित्राशी बताते हैं कि उनकी लव स्टोरी की कहानी भी रोचक भी है। करीब 12 साल पहले उन्होंने प्रेममयी मूवी में प्रेमी और प्रेमिका की भूमिका निभाई थी। इस फिल्म के रिलीज होने के बाद ही दोनों की पहचान हुई थी और इसके बाद ही एक-दूसरे के करीब आए थे। तब से उनकी लव स्टोरी चल रही थी। लेकिन, उन्होंने इसका इजहार पहले कभी नहीं किया। आखिरकार, 12 साल बाद वो दिन भी आ गया है जब फिल्मी लव स्टोरी को दोनों अपने जीवन में आत्मसात करेंगे और सात फेरे लेकर एक-दूसरे के हो जाएंगे।
रिंग सेरेमनी के साथ कॉकटेल पार्टी
शुक्रवार रात मेहंदी और फिर रिंग सेरेमनी के साथ कॉकटेल पार्टी का दौर चला, जिसमें संसदीय सचिव डॉ. रश्मि सिंह जमकर थिरकती नजर आईं। उनके साथ चित्राशी और चक दे इंडिया के स्टार्स भी खूब मस्ती करते दिखें।बिलासपुर में पहली बार किसी फिल्म स्टार की शादी हो रही है। लिहाजा, एक्टर के फैंस भी इस शादी को लेकर उत्साहित हैं। शुक्रवार की सुबह से होटल ईस्ट पार्क में माया नगरी के चेहरे नजर आने लगे थे। दोपहर तक चक दे इंडिया के करीब आधा दर्जन स्टार्स पहुंच गए थे।
रेडियो मिर्ची से शुरू किया करियर
ध्रुवादित्य ने रेडियो मिर्ची के साथ एक रेडियो जॉकी के रूप में अपना करियर शुरू किया था। इसके बाद मुंबई में सेट हो गए। उन्होंने वेब सीरिज के साथ ही कई फिल्मों में काम किया। वर्तमान में एक अभिनेता और लेखक के रूप में प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं।
चित्रांशी के साथ देहरादून से उनके पैरेंट्स भी सुबह होटल पहुंच गए थे। वहीं, रायपुर के एक्टर ध्रुवादित्य के पैरेंट्स, दोस्त और रिश्तेदार भी मेहंदी की तैयारी में जुट गए। दोपहर में मेहंदी की रस्म शुरू हुई। इस दौरान चक दे इंडिया के स्टार्स ढोल-तासों के साथ थिरकते नजर आए।
शाहरुख खान की हिट फिल्म चक दे इंडिया में को-स्टार कोमल चौटाला की भूमिका अदा करने वाली चित्राशी रावत अब छत्तीसगढ़ की बहू बनने जा रही हैं। फिल्म प्रेममयी से एक-दूसरे के करीब आए रायपुर के एक्टर ध्रुवादित्य भगवानानी के साथ उनकी शादी होगी। वैवाहिक रस्में आज बिलासपुर में निभाई जाएंगी। इसके लिए शहर के निजी होटल में जोरदार तैयारी कर ली गई है।
2007 में आई सुपरहिट फिल्म 'चक दे इंडिया'
2007 में आई सुपरहिट फिल्म 'चक दे इंडिया' तो आपको याद होगी। फिल्म में शाहरुख खान हॉकी के कोच बने थे। उनकी सबसे कम उम्र की नटखट स्टूडेंट थीं कोमल चौटाला। फिल्म में एक्ट्रेस चित्राशी रावत ने कोमल चौटाला का किरदार बेहतरीन तरीके से निभाकर सुर्खियां बटोरी थीं। 'चक दे इंडिया' के बाद वे 'लक' (2009), 'ये दूरियां' (2011), तेरे नाल लव हो गया (2012) और 'ब्लैक होम' (2015) जैसी फिल्मों में दिखाई दीं।18 साल की उम्र में चित्राशी ने कोमल चौटाला का रोल प्ले किया था।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.