छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में 30 फीट गहरे कुएं में गिरकर युवक घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवक शनिवार शाम अपनी बाड़ी में गुड़ाखू घिसने के लिए जा रहा था। तभी अचानक वह सूखे कुएं में जा गिरा और बेहोश हो गया। होश आते ही उसने अपनी जेब में रखे मोबाइल से परिजन को कॉल किया और कुएं से बाहर निकालने के लिए बोला। अब युवक को रेस्क्यू करने का VIDEO भी सामने आया है। घटना कोनी थाने का है।
कोनी थाना क्षेत्र के ग्राम लोफंदी निवासी नारायण प्रसाद देवांगन (45) पेशे से किसान है। शनिवार की शाम करीब पांच बजे वह सोकर उठा और गुड़ाखू घीसते हुए बाड़ी तरफ जाने के लिए निकला। बाड़ी में जाने के बा अचानक वह सपाट कुएं में गिर गया। करीब 30 फीट गहरे कुएं में गिरने के बाद वह घायल होकर अचेत पड़ा रहा। कुछ देर बाद होश आया, तब उसने अपनी जेब में रखे मोबाइल निकालकर परिजन को कॉल किया और कुएं में गिरने की जानकारी देते हुए बाहर निकालने के लिए बोला।
दौड़ते हुए बाड़ी में पहुंचे घबराए परिजन
इस घटना की जानकारी मिलते ही घबराए परिजन दौड़ते हुए बाड़ी में कुएं के पास पहुंचे। कुएं में झांक कर देखने के बाद उन्होंने आसपास के लोगों को मदद के लिए बुलाया। कुंआ काफी गहरा था, जिसके कारण ग्रामीणों को उसे बाहर निकालने में दिक्कत हो रही थी। लिहाजा, उन्होंने पुलिस के डायल 112 को कॉल किया।
ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने निकाला बाहर
ग्रामीण के कुएं में गिरने की जानकारी मिलते ही पुलिस भी गांव पहुंच गई। इस दौरान आरक्षक सूरज कुर्रे और चालक दुर्गेश विश्वकर्मा ने रस्सी और टायर मंगाया। फिर रस्सी की मदद से एक ग्रामीण को कुएं के नीचे उतारा गया। नीचे उतरने वाले ग्रामीण ने टायर से उसके हाथ को बांधकर बैलेंस बनाया। फिर रस्सी में बांधकर अपने कंधे में डालकर घायल नारायण को बाहर निकाला गया।
CIMS अस्पताल में कराया भर्ती
करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने घायल नारायण को कुएं से निकाला। वह बदहवास हो गया था। उसके शरीर में चोटें भी आई थी। लिहाजा, उसे इलाज के लिए CIMS भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
टल गई बड़ी घटना, बारिश में कुएं में होता है गैस का रिसाव
कुएं में ग्रामीण के गिरने के बाद बड़ी घटना टल गई। कुंआ सूखा और गहरा था। ऐसे में आमतौर पर बारिश के दिनों में कुएं में गैस का रिसाव होता है। कुएं के अंदर गैस का रिसाव होता या समय पर जानकारी नहीं मिलती तो गंभीर हादसा हो सकता था। पुलिसकर्मियों ने परिजनों को सपाट कुएं में तत्काल घेरा लगाने के निर्देश दिए।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.