बिलासपुर में दशहरा मिलन समारोह और दुर्गोत्सव समितियों का सम्मान करने के बहाने पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल ने BJP प्रदेश अध्यक्ष के सामने शक्ति प्रदर्शन किया। इस आयोजन में दुर्गोत्सव समिति के पदाधिकारियों के साथ ही शहर के हर वार्ड से भाजपा पदाधिकारियों के साथ कार्यकर्ता पहुंचे थे। कुंदन पैलेस में भीड़ देखकर ऐसा लगा कि पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल बिखरे कार्यकर्ताओं को समेटने की कोशिश कर रहे हैं।
पिछले विधानसभा चुनाव में दिग्गज भाजपा नेता अमर अग्रवाल के हार की वजह कार्यकर्ताओं के साथ ही संघ की नाराजगी को माना जा रहा था। अपनी हार के बाद भी अमर अग्रवाल लगातार शहर में राजनीतिक रूप से सक्रिय नजर आते रहे। धार्मिक, सामाजिक आयोजनों के साथ ही वार्ड की समस्याओं को लेकर उन्होंने धरना-प्रदर्शन और घेराव भी किया। इसके साथ ही शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर भी लगातार अपनी विरोध की आवाज बुलंद करते रहे हैं। उन्होंने अपने जन्मदिन पर भी सत्ता के खिलाफ राजनीतिक प्रदर्शन किया और समारोह न मना कर नगर निगम और राज्य सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन कर हल्ला बोला।
नवरात्र पर्व में हर वार्ड में कराया जगराता
नवरात्र पर्व में अमर अग्रवाल ने हिंदू वोटरों को समेटने की कोशिश शुरू कर दी है। उन्होंने शहर के हर वार्ड में भाजपा पार्षद और पदाधकारियों के माध्यम से जगराता का आयोजन कराया और खुद लोगों से मिलने भी पहुंचे। इस तरह से धार्मिक आयोजनों के बहाने उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं को संदेश दिया कि चुनाव के पहले ही सभी तैयारी में जुट जाएं।
प्रदेश अध्यक्ष साव की मौजूदगी में हुआ जलसा
अमर अग्रवाल 15 साल तक सत्ता में रहने के दौरान वे अधिकांश दुर्गोत्सव समितियों को हर साल आयोजन के लिए आर्थिक सहयोग देते रहे हैं। स्वाभाविक है कि इसके एवज में चुनाव के दौरान दुर्गोत्सव समितियां खुलकर उनके पक्ष में सक्रिय हो जाती थी। लेकिन विधानसभा चुनाव में हारने के बाद सारे वोट बैंक बिखर गए, जिसे समेटने के लिए उन्होंने इस बार फिर से कोशिश शुरू कर दी है। भाजपा युवा मोर्चा के बैनर तले उन्होंने शहर की करीब 250 समितियों का सम्मान किया और दशहरा मिलन समारोह आयोजित कर भोज कराया। इस आयोजन में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव भी मौजूद रहे, जिन्होंने पूर्व मंत्री के इस शक्ति प्रदर्शन को देखा। इस समारोह से अमर अग्रवाल को कितना राजनैतिक फायदा मिलेगा यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा।
अमर बोले- विसर्जन झांकी में जो हुआ उसे रोक सकती थी पुलिस
श्रीकांत वर्मा मार्ग स्थित कुंदन पैलेस में आयोजित शरद पूर्णिमा पर्व पर दशहरा मिलन कार्यक्रम में पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल ने कहा कि पूरे शहर में सद्भावपूर्ण मां दुर्गा की पूजा का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। शहर की ढाई सौ से अधिक दुर्गोत्सव समितियां सामुदायिक भागीदारी से मां भवानी की आराधना के पर्व का शहर के विभिन्न इलाकों में आयोजन करती हैं। अग्रवाल ने विशेष कर उल्लेख किया कि पुलिस और जिला प्रशासन को ऐसे आयोजनों के लिए सदैव गंभीर एवं नियोजित प्रयास करने चाहिए। उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा नवरात्र पर्व के दौरान कईडीजे संचालकों एवं विभिन्न पंडालों में नवरात्र का आयोजन करने वाली समितियों को नोटिस जारी करने का काम किया गया। इससे सौहार्द्र बिगड़ता है। छोटे- छोटे ठेले खोमचे लगाने वालों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। विसर्जन झांकी के दौरान जो घटनाएं हुई वे प्रशासन की ओर से रोकी जा सकती थी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.