अभी से नेताओं का डोर टू डोर:शहर में घूम रहे भाजपा के पूर्व मंत्री, कांग्रेस 26 जनवरी से चलाएगी हाथ से हाथ जोड़ो अभियान

बिलासपुर3 महीने पहले
  • कॉपी लिंक
विकास खोजो अभियान में दिखी बजबजाती नाली। - Dainik Bhaskar
विकास खोजो अभियान में दिखी बजबजाती नाली।

छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव भले ही अभी एक साल दूर है। लेकिन, राजनीतिक पार्टियों की सक्रियता देख ऐसा लग रहा है कि वार्डों में चुनावी माहौल शुरू हो गया है। भाजपा नेता और पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल अपने विकास खोजो अभियान में जहां वार्डों में पहुंचकर जनसंपर्क कर रहे हैं और लोगों को कांग्रेस सरकार की नाकामी गिना रहे हैं। वहीं, इसके जवाब में कांग्रेस भी 26 जनवरी से जोन, सेक्टर और बूथ लेवल पर हाथ से हाथ जोड़ो अभियान चलाएगी और सरकार की उपलब्धियां गिनाएगी।

भाजपा के विकास खोजो अभियान के दूसरे दिन पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल ने सरकंडा क्षेत्र के वार्डों में जनसंपर्क किया और लोगों की समस्याएं सुनी। इस दौरान उनके साथ जिला और मंडल स्तर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। उन्हें स्थानीय लोगों ने बताया कि राज्य सरकार के चार साल में विकास कार्य पूरी तरह से ठप है। वार्ड के पार्षद उनके मोहल्ले में नहीं आते। बिजली, पानी और नाली जैसी मूलभूल सुविधाएं भी मुहैया नहीं कराई जा रही है, जिसके कारण वार्ड के लोग काफी परेशान हैं।

पूर्व मंत्री को बिजली बिल दिखाकर बताई समस्या।
पूर्व मंत्री को बिजली बिल दिखाकर बताई समस्या।

अमर अग्रवाल बोले- पछता रही है जनता
पूर्व मंत्री और विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि वे लगातार पिछले दो साल से शहर के वार्डों में जा रहे हैं। लोगों की समस्याओं को दूर करने के लिए उन्होंने नगर निगम कार्यालय का घेराव भी किया था। लेकिन, डेढ़ साल बाद भी नगर निगम के अफसर और कांग्रेस के नेता जनता की समस्याओं को दूर नहीं कर पाए हैं। उनके जनसंपर्क के दौरान लोग अपनी दिक्कतों को बता रहे हैं और कांग्रेस की सरकार को वोट देकर पछता रहे हैं। उन्होंने कहा कि खस्ताहाल सड़क, पानी निकासी की सुगम व्यवस्था नहीं होने के साथ ही प्रधानमंत्री आवास और राशन नहीं मिलने की शिकायतें मिल रही है। वार्ड के लोगों ने उनसे कहा कि क्षेत्र के पार्षद को वह जानते ही नहीं और ना तो कभी उनके दर्शन हुए हैं।

भाजपा के जवाब में कांग्रेस का हाथ से हाथ जोड़ो अभियान
इधर, कांग्रेस ने भी अपनी चुनावी रणनीति पर काम करना शुरू कर दिया है। 26 जनवरी से भारत जोड़ो पदयात्रा को आगे बढ़ाते हुए अब ज़ोन, सेक्टर और बूथ स्तर पर "हाथ से हाथ जोड़ो" अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान को शुरू करने के पहले कांग्रेस ने तैयारी बैठक ली, जिसमें शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पदाधिकारी शामिल हुए।

शहर कांग्रेस कमेटी की बैठक में मौजूद पदाधिकारी।
शहर कांग्रेस कमेटी की बैठक में मौजूद पदाधिकारी।

शहर अध्यक्ष विजय पांडेय ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने तीन स्तर पर "हाथ से हाथ जोड़ो" अभियान चलाने का निर्णय लिया है। 26 जनवरी से शहरी ब्लाक कांग्रेस कमेटी दो माह तक बूथ ,सेक्टर और जोन स्तर पर पदयात्रा करेंगे। इस दौरान कांग्रेस की भूपेश सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं और केंद्र की मोदी सरकार के वादे और उसके खिलाफ मोदी सरकार के निर्णय को जनता तक पहुंचाएगी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा के 15 वर्षों में किए गए आर्थिक अपराध ,भ्रष्टाचार, को जन जन तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही राहुल गांधी के भारत जोड़ो यात्रा क्यों की जा रही है ,वर्तमान केंद्र सरकार की जनता के बीच मुद्दों को हटाकर सम्प्रदाय और धर्म के नाम पर विभाजन करने के क्या परिणाम हो सकते है। इस बारे में लोगों को बताया जाएगा। इस बैठक में शहर प्रवक्ता ऋषि पांडेय, ब्लाक अध्यक्ष जावेद मेमन, अरविंद शुक्ला, विनोद साहू, मोती ठारवानी समेत पदाधिकारी शामिल हुए।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष बोले- 20 साल तक काम करते तो यह नौबत नहीं आती
इधर शहर अध्यक्ष विजय पांडेय ने पूर्व मंत्री के विकास खोजो अभियान पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री वार्ड परिक्रमा कर रहे है यह अच्छी बात है। लेकिन, वे अपने 20 साल के कार्यकाल में जनता के लिए काम करते तो उन्हें विकास देखने के लिए जाने की जरूरत नही पड़ती।

खबरें और भी हैं...