बिलासपुर में कंपनी गार्डन के पास गणेश चतुर्थी के दिन दहाड़े महिला के साथ लूट हो गई। गणेश भगवान की मूर्ति देख रही महिला का बाइक सवार चोर पर्स छीन कर भाग गया। घटना के बाद से महिला का रो-रो बुरा हाल है। वहीं लोगों द्वारा समझाए जाने के बाद पीड़िता ने अपने पति के साथ जाकर सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज की है।
जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश के कटनी जिले के रहने वाले हितेश कुमार ताम्रकार अपनी पत्नी के साथ बिलासपुर किसी काम से आए हुए थे। उन्होंने बताया कि दोपहर करीब 1 से 2 बजे के बीच उनकी पत्नी कंपनी गार्डन के पास जब लक्ष्मी और गणेश भगवान की मूर्ति देख रही थी। महिला के कंधे पर पर्स टंगा था। दोनों स्टाल के पास ही खड़े थे,तभी पीले रंग का टी शर्ट पहने बाइक सवार ने उसका पर्स छीन कर भाग गया। कंपनी गार्डन के पास इस समय गणेश और दूसरी प्रतिमाओं का बाजार लगा हुआ है। यहां कई स्टाल में गणेश प्रतिमाओं की बिक्री हो रही है। जिस वक्त घटना हुई उस समय चारों तरफ लोगों की भीड़ थी। हितेश ने बताया कि सब कुछ इतनी जल्दी हुआ की उन्हें कुछ समझ में ही नहीं आया। पर्स में 10 हजार का मोबाइल और नगद 1300 रुपए था। पीड़ित से शिकायत लेने के बाद अब पुलिस आसपास के CCTV फुटेज की जांच में जुट गई है। पुलिस के अनुसार जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.