छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में प्रयागराज से आ रही बस पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में चार यात्री घायल हो गए हैं। दरअसल, जिस जगह पर बस अनियंत्रित हुई, वहां 40 से 60 फीट गहरी खाई है। बस के पेड़ में अटकने की वजह से भीषण हादसा टल गया और यात्रियों ने राहत की सांस ली। घटना कोटा थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार प्रयागराज से बिलासपुर के लिए राजधानी ट्रेवल्स की बस रोजाना चलती है। बस क्रमांक UP 72 AT 7356 मंगलवार की रात बिलासपुर के लिए निकली थी। घटना सुबह करीब 5.30 बजे की है। बस अभी कोटा क्षेत्र के केन्दा घाटी के पास पहुंची थी। तभी अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे घाटी से लगी पेड़ में टकरा गई।
चालक को झपकी आने से अनियंत्रित हुई बस
बताया जा रहा है कि तड़के चालक की अचानक आंख लग गई। फिर देखते ही देखते बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। बस के पेड़ में अटकने की वजह से बड़ा हादसा टल गया। नहीं तो बस सीधे खाई में गिर जाती।
यात्रियों में मची अफरातफरी
बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त बस में 25 यात्री सवार थे। अचानक हुई इस घटना के बाद यात्रियों में अफरातफरी मच गई। किसी तरह यात्री बस से बाहर निकले। इस दौरान यात्रियों ने पुलिस के डायल 112 को कॉल किया। हादसे में चार यात्रियों को चोटें आई है। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
दूसरी बस से यात्री हुए रवाना
चालक मुनीर अहमद ने अपने मालिक को इस घटना की जानकारी दी। इसके बाद बिलासपुर से दूसरी बस रवाना किया गया। वहां से यात्रियों को दूसरी बस में गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.