वित्त विभाग ने दी मंजूरी, जल्द जारी होगा फंड:एयरपोर्ट को नाइट लैंडिंग व अन्य सुविधाओं के लिए मिले 22 करोड़

बिलासपुर8 महीने पहले
  • कॉपी लिंक
बिलासपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों को जल्द ही नाइट लैंडिंग समेत अन्य आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। - Dainik Bhaskar
बिलासपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों को जल्द ही नाइट लैंडिंग समेत अन्य आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।

बिलासपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों को जल्द ही नाइट लैंडिंग समेत अन्य आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। राज्य शासन के वित्त विभाग ने 22 करोड़ रुपए की मंजूरी दी है। इस राशि से नाइट लैंडिंग की सुविधा समेत अन्य जरूरी उपकरण लगाए जाएंगे। इसके बाद एयरपोर्ट को 3सी आईएफआर का दर्जा मिलने की उम्मीद है। बिलासा देवी एयरपोर्ट को शुरू हुए डेढ़ साल हो रहे हैं, लेकिन यहां सुविधाओं की बेहद कमी है।

अब जल्द ही कई कमियां दूर हो जाएंगी। वित्त विभाग ने 22 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं, इससे नेविगेशन और नाइट लैंडिंग में आ रही बाधाएं दूर होंगी। फंड जारी होने के बाद एयरपोर्ट में डीवीओआर यानी डॉप्लर वेरी हाई फ्रिक्वेंसी ओम्नी रेंज और एचपीडीएमई यानी हाई पॉवर डिस्टेंस मेजरिंग इंस्ट्रूमेंट लगाए जाएंगे। साथ ही रात और खराब मौसम में उड़ानों के लिए जरूरी नाइट लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी।

नए उपकरणों पर खर्च होंगे 5 करोड़
एटीसी और फ्लाइट क्रू के बीच संपर्क बनाने के लिए डीवीओआर और एचपीडीएमई जैसे उपकरण जरूरी होते हैं। इस पर एएआई को 5 करोड़ रुपए खर्च करने होंगे। इसी तरह उपकरणों की कमी के चलते डीजीसीए ने बिलासा एयरपोर्ट को 3सी वीएफआर कैटेगरी का एयरपोर्ट बनाया है, जिसके चलते खराब मौसम में यहां किसी भी फ्लाइट की लैंडिंग नहीं हो सकती। अब 3सी आईएफआर केटेगरी का एयरपोर्ट बनाने में 20 से 30 करोड़ रूपए का खर्च आ सकता है।

मुख्यमंत्री बघेल ने कुछ दिन पहले की थी घोषणा
बिलासपुर से इंदौर के बीच फ्लाइट शुरू होने पर आयोजित किए गए कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक सप्ताह के भीतर नाइट लैंडिंग की सुविधा के लिए फंड जारी करने का आश्वासन दिया था। मंगलवार को वित्त विभाग ने 22 करोड़ रुपए की मंजूरी दी है।