बिलासपुर में धान कटाई कराते समय हार्वेस्टर में दबने से घायल किसान की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि किसान खेत में धान कटाई करवा रहा था। इस दौरान साइड में बचे हुए पौधों को हसिया से काट रहा था। तभी बिना देखे चालक ने हार्वेस्टर को अचानक पीछे किया, जिससे दबकर किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मामला बिल्हा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार बरतोरी निवासी मनहरण लाल यादव (45) खेती किसानी करते थे। गांव के भर्रीखार में उनकी खेत है, जहां अपनी पत्नी सुकृताबाई यादव के साथ सोमवार की शाम हार्वेस्टर से धान कटवा रहा था। इस दौरान पति-पत्नी खेत के किनारे हार्वेस्टर से छूटे धान के पौधों को हसिया से काट रहे थे।
बिना देखे अचानक बैक करने पर हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि हार्वेस्टर के पीछे-पीछे मनहरण यादव छूटे हुए पौधों को काटते जा रहा था। तभी अचानक चालक ने बिना पीछे देखे हार्वेस्टर को पीछे किया, जिससे मनहरण यादव का हाथ हार्वेस्टर में दब गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद उसे परिजनों ने इलाज के लिए बिल्हा स्थित अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान मंगलवार की शाम उसकी मौत हो गई। बुधवार को उसके शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम के बाद परिजन को सौंप दिया है।
अधिया में लिया था खेत, चालक पर केस दर्ज
मनहरण यादव के बेटे अभय यादव ने बताया कि उन्होंने गांव के रामहीन के खेत को अधिया लिया है, जिसमें लगे धान की फसल को कटवाने के लिए किराए पर हार्वेस्टर किया था। परिजनों ने आरोप लगाया कि चालक ने बिना देखे लापरवाहीपूर्वक हार्वेस्टर को पीछे किया, जिससे मनहरण यादव दब गया और उसकी मौत हो गई। बेटे अभय की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी हार्वेस्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.