शहर का स्टूडेंट्स गोवा में समुद्र में नहाते समय पानी में डूब गया। इससे उसकी मौत हो गई। वह बेंगलुरु में पत्रकारिता की पढ़ाई कर रहा था। सालभर पहले उसने छात्रों के पिकनिक जाने और समुद्र में डूबने की कल्पना पर एक कविता लिखी थी।
विनोबा नगर गली नंबर आर-3 निवासी शैलेंद्र पांडेय पंचायत विभाग में कार्यरत हैं। उनका छोटा बेटा आदित्य (23) बेंगलुरु में पत्रकारिता की पढ़ाई कर रहा था। छुट्टी शुरू होने के बाद 16 मई को वह अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गोवा गया था।
यहां सभी छात्र समुद्र में नहा रहे थे। इसी बीच आदित्य को पानी की लहर ने खींच लिया और डूबने से उसकी मौत हो गई। आदित्य मामा के बेटे की शादी में शामिल होने 10 मई को कोरबा आया था। 11 मई को वापस चला गया था। मौत की खबर मिलते ही परिजन गोवा गए। पोस्टमॉर्टम के बाद शव को फ्लाइट से रायपुर लाया गया। बुधवार को उसका अंतिम संस्कार किया गया।
समुद्र में डूबने की कहानी का पात्र खुद ही निकला
परिजनों के अनुसार आदित्य कविता भी लिखता था। सालभर पहले उसने छात्रों के पिकनिक पर जाने और समुद्र में डूबने की कहानी पर एक कविता भी लिखी थी। इसमें उसने छात्र की मौत की बात भी बताई थी। उसे क्या पता था कि उसकी कविता के घटनाक्रम का पात्र वह स्वयं ही था।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.