MLA देवेंद्र यादव ने केंद्रीय-मंत्री और CM को लिखा पत्र:बोले-BSP आवासों के किराए में भेदभाव, CGPSC में चेयरपर्सन नियुक्त नहीं होने से इंटरव्यू अटके

दुर्ग-भिलाई36 मिनट पहले
  • कॉपी लिंक

भिलाई नगर से कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव ने कर्मचारियों और युवाओं से जुड़े दो मुद्दों पर छत्तीसगढ़ सरकार को घेरा है। उन्होंने भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) के रिटेंशन आवासों के किराए में अलग-अलग दरें लागू होने पर सवाल उठाए हैं। इस संबंध में केंद्रीय इस्पात मंत्री एचडी कुमारस्वामी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखा है।

वहीं, CGPSC में करीब ढाई महीने से चेयरपर्सन की नियुक्ति नहीं होने और भर्ती परीक्षाओं के इंटरव्यू अटके होने को लेकर भी उन्होंने सरकार से जवाब मांगा है।

विधायक देवेंद्र यादव ने केंद्रीय मंत्री और सीएम को पत्र लिखा।
विधायक देवेंद्र यादव ने केंद्रीय मंत्री और सीएम को पत्र लिखा।

BSP आवासों के किराए में अलग-अलग दरों पर सवाल

देवेंद्र यादव ने पत्र में कहा कि, BSP के नगर सेवाएं विभाग ने 2 नवंबर 2026 को अंतरिम आदेश जारी कर रिटेंशन आवासों में रह रहे कर्मचारियों का किराया 6 रुपए प्रति वर्गफीट तय किया है।

दूसरी ओर, सितंबर 2025 के बाद रिटायर हुए कर्मचारियों के रिटेंशन स्कीम के आवेदन अब तक लंबित हैं। कुछ कर्मचारियों से 24 रुपए प्रति वर्गफीट की दर से किराया लिया जा रहा है।

विधायक ने सवाल उठाया कि, एक ही संयंत्र में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए किराए की अलग-अलग दरें क्यों लागू हैं? उन्होंने सभी कर्मचारियों के लिए एक समान किराया नीति बनाने और लंबित आवेदनों का जल्द निराकरण करने की मांग की है।

40 लाख रुपए से ज्यादा का भुगतान लंबित होने का दावा

देवेंद्र यादव ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों की 40 लाख रुपए से अधिक की लंबित अंतिम भुगतान राशि जारी करने की मांग भी की है। उन्होंने सुझाव दिया कि कर्मचारियों को जिस आवास में वे फिलहाल रह रहे हैं।

उसी को लीज या लाइसेंस पर देने की योजना पर विचार किया जाए। साथ ही संपदा न्यायालय के औपचारिक आदेशों का पालन करने की बात कही।

ढाई महीने से खाली है CGPSC चेयरपर्सन का पद

संविधान दिवस पर जारी वीडियो संदेश में विधायक ने CGPSC में चेयरपर्सन की नियुक्ति नहीं होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि करीब ढाई महीने से आयोग में यह पद खाली है। इससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को परेशानी हो रही है।

यादव के मुताबिक, हर साल इस समय तक परीक्षाओं के नोटिफिकेशन जारी हो जाते थे, लेकिन इस बार अब तक कोई नोटिफिकेशन नहीं आया है। उन्होंने लंबित परीक्षाओं और इंटरव्यू को लेकर भी सरकार से जवाब मांगा।

2 लाख नौकरियों के वादे पर सरकार से जवाब मांगा

विधायक ने कहा कि, भाजपा ने सत्ता में आने से पहले युवाओं को समयबद्ध तरीके से 2 लाख नौकरियां देने का वादा किया था। लेकिन अब CGPSC में चेयरपर्सन का पद खाली है और पुरानी परीक्षाओं के इंटरव्यू भी अटके हुए हैं।

उन्होंने CGPSC और SCS परीक्षाओं के लंबित इंटरव्यू का मुद्दा उठाया। पुलिस विभाग की भर्ती परीक्षा रद्द किए जाने पर भी सवाल करते हुए पूछा कि बिना कारण बताए परीक्षा रद्द होने से प्रभावित अभ्यर्थियों के भविष्य का क्या होगा?

भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग

देवेंद्र यादव ने कहा कि प्रदेश के युवाओं ने भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और नकल रोकने के लिए आंदोलन किए हैं, लेकिन सरकार की ओर से इस दिशा में ठोस पहल नहीं दिख रही है।

उन्होंने कहा कि युवा सालों तक मेहनत करते हैं और उनके परिवार भी परीक्षा की तैयारी में संसाधन लगाते हैं। ऐसे में भर्ती प्रक्रिया में देरी और परीक्षाएं रद्द होने से उनका भविष्य प्रभावित होता है। उन्होंने सरकार से युवाओं के हित में जल्द कदम उठाने की मांग की।

.

    Local NEWS

    Today Weather Update

    Our Group Site Links