पुलगांव से अंजोरा को जाने वाली सड़क कुछ सालों में हरी भरी नजर आएगी। इसके लिए जिला प्रशासन ने साढ़े 5 किमी की सड़क के दोनों ओर 11 हजार पौधे लगाने का निर्णय लिया है। सड़क किनारे बड़े पौधे लगाए जाएंगे, जिससे यह जल्द से जल्द तैयार हो जाएं।
अंजोरा रोड को हरियाली से गुलजार करने के लिए किए जा रहे कार्य का दुर्ग कलेक्टर डॉ. एसएन भुरे ने निरीक्षण किया। पीडब्ल्यूडी के ईई अशोक श्रीवास ने बताया कि सड़क को हरा भरा करने के लिए इसके दोनों तरफ चंपा, कदंब, कोनोकार्पस आदि पौधों को लगाया जाएगा। हर एक किलोमीटर में अनुमानतः हजार से अधिक पौधे लगाए जाएंगे। इस तरह 5 किलोमीटर की इस सड़क में लगभग ग्यारह हजार पौधे लगाये जाएंगे।
कलेक्टर डॉ. भुरे ने कहा कि डिवाइडर में चंपा के पौधों के बीच में कनेर के पौधे भी लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पौधों के बढ़ जाने से इस रास्ते की खूबसूरती काफी बढ़ जाएगी। पिछले दो सालों में शहर के महत्वपूर्ण सड़कों के किनारे पौधे लगाये गए हैं। यह पौधे काफी बढ़ गए हैं। इससे वहां का रास्ता काफी खूबसूरत हो गया है।
उन्होंने कहा कि वन होम वन ट्री महा अभियान के दौरान भी कुछ पौधे लगाये जाएंगे। इसके लिए अधिकारियों से पौधों की व्यवस्था करने और उन्हें सहेजने की व्यवस्था करने के निर्देश दिये। इस दौरान उनके साथ जिला पंचायत सीईओ अश्विनी देवांगन, डीएफओ शशि कुमार, दुर्ग निगम के प्रभारी आयुक्त आशीष देवांगन, पीडब्ल्यूडी ईई अशोक श्रीवास सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
पौधे लगाने मात्र से नहीं पूरी होगी जिम्मेदारी
कलेक्टर ने इस दौरान पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को कहा कि मात्र पौधों को लगा देने से ही उनकी ड्यूटी और जिम्मेदारी पूरी नहीं हो जाएगी। उनको सहेजना भी बहुत जरूरी है। इसके लिए ट्रीगार्ड लगाने और ड्रिप के माध्यम से पौधों को पानी और खाद दिए जाने की बात कही।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.