छत्तीसगढ़ के भिलाई शहर में अनोखी शादी देखने को मिली है। इस शादी में वर और वधु एयर बैलून में बैठकर 70 फीट ऊंचाई पर गए। इसके बाद वहां उन्होंने एक दूसरे को वरमाला पहनाई। जिसके बाद से पूरे शहर में इस अनोखी शादी को लेकर पूरे शहर में चर्चा चल रही है। लड़की के पिता अवधेश पाण्डेय ने बताया कि, उनके अरमान थे कि वो अपनी बेटियों की शादी में कुछ अलग करें।
यह पहली बार नहीं है। इससे पहले भी अवधेश पाण्डेय अपनी बड़ी बेटी की शादी में इसी तरह की वरमाला की रस्म करा चुके हैं। एयर बैलून इतना विशाल था कि उसके लिए काफी बड़े ग्राउंड की जरूरत थी। इसको देखते हुए पाण्डेय परिवार ने सेक्टर-7 दशहरा मैदान में शादी का आयोजन तय किया। शुक्रवार देर रात 11 बजे करीब एयर बैलून दूल्हा दुल्हन को लेकर आसमान में उड़ा। इसके बाद 70 फिट की ऊंचाई में दोनों ने एक दूसरे को वरमाला पहनाई।
बीकानेर से मंगाया गया था एयर बैलून
एयर बैलून उड़ाने वाले एक्सपर्ट रोहितास ने बताया कि वह लोग बीकानेर से यहां आए हैं। वह पहली बार भिलाई एयर बैलून लेकर आए हैं। पायलेट की देखरेख में बैलून फ्लाई करता है। इसे रस्से से बांधकर कंट्रोल किया जाता है। इसमें एक बकेट होता है बकेट में गैस सिलेंडर रखा होता है, जिससे आग जलाकर बैलून में गर्म हवा भरी जाती है। इसी बकेट में दूल्हा दुल्हन और पायलेट सवार रहते हैं। रस्से के जरिए टीम के लोग खींचकर बैलून को ऊपर नीचे कर सकते हैं। इसके लिए 7 लोगों की टीम है। रोहित यह काम पिछले 20 सालों से कर रहे हैं।
वेदर चेक करके उड़ाया जाता है बैलून
रोहितास ने बताया कि उनके पास LPG गैस का स्टोरेज होता है। ये एक काइट फ्लाइंग की तरह होता है। इसे रोप के जरिए कंट्रोल किया जाता है,और वेदर चेक करने के बाद ही उड़ाया जाता है। जहां बैलून उड़ाना होता है वहां के मौसम को एक महीने पहले से चेक करना पड़ता है। इसके बाद जब यह तय हो जाता है कि शादी के समय अधिक हवा और पानी नहीं होगा। उसके बाद ही बैलून को उड़ाया जाता है।
बेटी की शादी को बनाया यादगार
बेटी के पिता अवधेश पांडेय ने अनोखी वरमाला का आयोजन करके अपनी बेटी प्रीति के विवाह को यादगार बनाया है। उनका विवाह दुर्ग के गया नगर निवासी रवि तिवारी के साथ हुआ है। बताया जा रहा है कि, लड़के और लड़की दोनों घर में बिजनेस का काम देखते हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.