नेवई पुलिस ने नागपुर से कछुआ लेकर भिलाई के रास्ते धमतरी जा रहे युवकों को गिरफ्तार किया। कछुआ दुर्लभ प्रजाति का है। पुलिस को आशंका है कि दीपावली की रात जंगल में धनवर्षा की भ्रांतियों को लेकर इस कछुए की तस्करी की जा रही थी। इसके पहले ही आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने कछुए को जब्त कर वन विभाग को सौंप दिया है। शाम को सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। जहां से सभी को जेल भेज दिया गया है।
आरोपियों में कमलेश यादव निवासी कांट्रेक्टर कॉलोनी सुपेला, निखिल टंडन निवासी पांच रास्ता सुपेला, देवीदास मेश्राम निवासी खपरगढ़ा नागपुर, मनीष कौशिक निवासी मिनीमाता नगर नागपुर, ओमप्रकाश वैष्णव निवासी वर्धमान नगर नागपुर और श्रीराम आसेकर निवासी कुंदनलाल गुप्ता नगर नागपुर को गिरफ्तार किया गया है। इंडियन फ्लैप सेल टर्टल व 10 हजार रुपए जब्त किया गया है।
आरोपियों से पुलिस कर रही पूछताछ, जांच जारी
थानेदार ममता अली शर्मा ने बताया कि प्राथमिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि जब्त कछुए का उपयोग तंत्र मंत्र के लिए किया जाता है। जब्त कछुए की कीमत 1-3 लाख रुपए तक है। कछुए का उपयोग धनतेरस और दीपावली की रात बलि देने के लिए होता है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.