लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला में हर बुधवार व शनिवार को फिर अल्ट्रासाउंड शुरू हो गया है। इन दो दिनों में अल्ट्रासाउंड करने वाले डॉक्टर मनीष भंडारी की तबीयत खराब होने के कारण बीते 15 दिनों से अस्पताल पहुंचने वाली गर्भवतियों का अल्ट्रासाउंड नहीं हो पा रहा था। उन्हें इसके लिए निजी सेंटरों तक जाना पड़ रहा था।
शनिवार को डॉक्टर भंडारी के स्वस्थ होकर लौटने के बाद अल्ट्रासाउंड की सुविधा शुरू कर दी गई है। अब तक भिलाई के इस प्रमुख अस्पताल में सिर्फ एक दिन गुरुवार को गर्भवतियों का अल्ट्रासाउंड किया जा रहा था। इस दिन डॉ. गुलशन दिल्लीवार अल्ट्रासाउंड कर रहे थे। अब गर्भवतियों को पहले की तरह 3 दिन इस जांच की सुविधा मिलेगी। भिलाई का प्रमुख सरकारी अस्पताल होने के नाते लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की सुविधा बहुत जरूरी थी।
अभी यहां केवल गर्भवतियों का ही अल्ट्रासाउंड किया जा रहा है। सप्ताह में 3 दिन मिलने वाली इस सुविधा का औसतन 10 से अधिक गर्भवतियां लाभ उठा रही हैं। इधर गर्भवती महिलाओं के लिए अस्पताल में शाम के समय भी ओपीडी की सुविधा शुरू की गई है। इसमें स्त्री रोग विशेषज्ञ शाम 5 से 7 बजे तक गर्भवती महिलाओं के जांच के लिए उपलब्ध रहेंगी। सुबह 9 से दोपहर 1 बजे तक जांच होगी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.