छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में हाथियों का आतंक लगातार जारी है। एक बार फिर से हाथियों ने लोगों को निशाना बनाया है और काम कर वापस लौट रहे 2 लोगों पर हमला कर दिया। इस हमले में एक की मौत हो गई है। वहीं दूसरा युवक घायल हुआ है। मामला मरवाही वन परिक्षेत्र का है।
बताया जा रहा है कि मरवाही वन मंडल के मालाड़ांड गांव में शुक्रवार सुबह बदीराम पनिका(35) और सहदेव पनिका(45) मनरेगा में काम करने के लिए गए थे। काम खत्म करने के बाद दोनों वापस जंगल के रास्ते घर लौट रहे थे। इसी दौरान जंगल की तरफ से कुछ हाथी आए और इन पर हमला कर दिया।
पता चला है कि पहले तो हाथियों ने इन्हें कुछ दौर तक दौड़ाया। फिर हमला किया है। जिससे दोनों बुरी तरह घायल हो गए थे। हमले के बाद हाथी जंगल की ओर चले गए। वहीं दोनों घायल वहीं पड़े हुए थे। इधर, जब गांव के लोग वहां पहुंचे, तब दोनों को अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान बदीराम पनिका की मौत हो गई। जबकि सहदेव पनिका का इलाज जारी है।
पहले भी कई लोगों को बना चुके हैं निशाना
वन विभाग को भी इस बात की सूचना दी गई है। जिसके बाद वन विभाग की टीम ने इस इलाके के लोगों से फिर से अपील की है कि किसी भी हाल में हाथियों के पास ना जाएं। साथ ही विशेष सावधानी बरतने की अपील भी की गई है। जिले में ये पहली बार नहीं हुआ है कि जब हाथियों ने इस तरह से लोगों को निशाना बनाया है। यहां आए दिन बड़ी संख्या में हाथियों के मूवमेंट की खबर आती है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.