GPM जिले के एक गांव में स्थित मस्जिद और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को लेकर विवादित पोस्ट के आरोप में पुलिस ने रविवार को भाजपा नेता पुष्पेंद्र त्रिपाठी को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा बिलासपुर की गौरी गुप्ता और राजनांदगांव के रहने वाले गुलशन हिरवानी के खिलाफ भी FIR दर्ज की गई है।
छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के सदस्य उत्तम वासुदेव, नगर पंचायत पेंड्रा के उपाध्यक्ष पंकज तिवारी समेत अन्य कांग्रेसी नेताओं ने पेंड्रा थाने में इन तीनों के खिलाफ लिखित में शिकायत दर्ज करवाई थी। जिसके बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए गिरफ्तारी की कार्रवाई की है।
दरअसल, मरवाही के मटियाडांड गांव में स्थित मस्जिद को लेकर भाजपा नेता पुष्पेंद्र त्रिपाठी ने शनिवार को सोशल मीडिया में पोस्ट किया था। इसमें पुष्पेंद्र ने मस्जिद की तस्वीर डाल कर लिखा था कि इस गांव की आबादी 1400 है और यहां केवल एक मुस्लिम परिवार रहता है। यहां 50 लाख रुपए की लागत से मस्जिद भी बनी है।
पुष्पेंद्र त्रिपाठी ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर तुष्टिकरण की राजनीति सहित अन्य आरोप भी लगाए थे। वहीं गौरी गुप्ता और गुलशन हिरवानी ने भी इस पोस्ट को शेयर किया था। जिसे कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ का शांतिपूर्ण माहौल खराब करना बताया और विरोध किया। शिकायत के बाद पुलिस ने पुष्पेंद्र त्रिपाठी को गिरफ्तार कर लिया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.