जांजगीर-चांपा जिले में पुलिस ने 2 लाख 20 हजार का पटाखा जब्त कर लिया है। पुलिस ने अवैध रूप से भंडारण कर रखे गए 220 किलो पटाखों को कारोबारी की दुकान से बरामद किया। आरोपी के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। मामला शिवरीनारायण थाना क्षेत्र का है।
जांजगीर-चांपा एसपी विजय अग्रवाल ने दिवाली के मद्देनजर अवैध पटाखा भंडारण करने वालों पर नजर रखने के निर्देश थाना प्रभारियों को दिए हैं। साथ ही दुकानों की जांच भी करने को कहा गया है। इसी बीच पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि शिवरीनारायण में कार्तिक राम (63 वर्ष) ने अपने जनरल स्टोर में 120 किलोग्राम पटाखा, हेमलाल केशरवानी (59 वर्ष) ने अपनी दुकान में 60 किलो पटाखा और पंकज गुप्ता (40 वर्ष) ने भी 40 किलो पटाखा अपने जनरल स्टोर में अवैध रूप से भंडारित कर रखा है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने तीनों दुकान पर छापा मारा और आरोपियों से कुल 220 किलोग्राम पटाखा जब्त कर लिया, जिसकी कीमत 2 लाख 20 हजार रुपए है। तीनों आरोपियों कार्तिक राम, हेमलाल केशरवानी और पंकज गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने पटाखों के भंडारण के लिए जारी गाइडलाइन का उल्लंघन किया था।
10 दिनों से लगातार पुलिस की कार्रवाई जारी
हफ्तेभर पहले भी जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 300 किलो पटाखा जब्त किया गया था, जिसकी कीमत करीब 3 लाख रुपए थी। वहीं मामले में 6 आरोपियों को अलग-अलग थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया था। 15 अक्टूबर को जांजगीर पुलिस ने मुस्तफा खान निवासी रविदास चौक को 130 किलो अवैध पटाखे के साथ गिरफ्तार किया था। अवैध पटाखे की कीमत 1 लाख 50 हजार रुपए थी। मुस्तफा खान इससे संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका था। उसने अवैध रूप से पटाखों का भंडारण कर रखा था।
14 अक्टूबर को भी जांजगीर पुलिस ने प्रतीक राज (30 वर्ष), खगेश कुमार (38 वर्ष) और यशपाल राठौर के यहां छापा मारा था और अवैध रूप से भंडारित किए गए पटाखों को जब्त कर लिया था। केरा रोड निवासी प्रतीक राज के पास से 25 किलो, कटकवार निवासी खगेश कुमार से 40 किलो और पुरानी बस्ती निवासी यशपाल सिंह राठौर से 12 किलो पटाखा जब्त किया गया था। प्रतीक ने केरा रोड स्थित अपनी दुकान प्रतीक जनरल स्टोर में पटाखे भंडारित कर रखे थे। वहीं पी खगेश कुमार और यशपाल सिंह राठौर ने अपने घर में पटाखों को रखा था। तीनों आरोपियों से कुल 50 हजार रुपए का पटाखा जब्त हुआ था।
14 तारीख को ही बलौदा थाना पुलिस ने भी छब्बूलाल देवांगन के घर से 60 हजार रुपए का 40 किलोग्राम अवैध रूप से भंडारित पटाखा जब्त किया था। जिला प्रशासन ने विस्फोटकों के भंडारण के लिए गाइडलाइन जारी की है। सभी आरोपियों ने नियम-कानून को ताक पर रखकर पटाखों का भंडारण किया हुआ था। इनमें से किसी ने भी वैध दस्तावेज पेश नहीं किया, जिसके बाद पटाखों को जब्त कर लिया गया था।
13 अक्टूबर को भी अकलतरा पुलिस ने पटाखों के अवैध भंडारण पर कार्रवाई की थी। अकलतरा के वार्ड नंबर 6 में रहने वाले हफीज खान (34 वर्ष) के घर से अवैध रूप से भंडारित किए गए 70 किलो पटाखे जब्त किए गए थे, जिसकी कीमत 40 हजार रुपए थी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.