छत्तीसगढ़ के जांगजीर-चांपा से दो दिन पहले अगवा हुए युवक को पुलिस ने ढूंढ निकाला है। पुलिस ने उसे देर रात बिलासपुर से बरामद किया तो नई कहानी सामने आ गई। पूछताछ में पता चला कि युवक ने खुद ही अपने अपहरण की झूठी कहानी रची थी। वह कर्ज के साथ ही पत्नी से भी परेशान था। ऐसे में किडनैपर बनकर उसने पत्नी से ही 2 लाख की फिरौती मांगी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामला जांगजीर थाना क्षेत्र का है।
दरअसल, जांजगीर के चंदनिया पारा में रहने वाले महेंद्र शर्मा (31) मंगलवार सुबह दूध लेने घर से निकला था। इसके बाद वह घर ही नहीं लौटा। परिजनों ने उसे काफी फोन लगाया। पर उसका कुछ पता नहीं चला। महेंद्र की पत्नी ने पुलिस को बताया कि उसे किसी ने कुछ देर बाद फोन पर कॉल किया था। कह रहा था कि तेरे पति को किडनैप कर लिया है। पैसे तैयार रखना। इसे लेकर महेंद्र की मां ने थाने में FIR दर्ज कराई थी।
मोबाइल ऑन करता और लोकेशन बदल लेता
SP विजय अग्रवाल ने मामले को संजीदगी से लेते हुए आधा दर्जन अलग-अलग टीमें बनाकर महेंद्र की तलाश शुरू की। जहां महेंद्र का मोबाइल ऑन हुआ था, वहां पुलिस टीम भेजी जाती, पर लोकेशन बदल जाती। इसे देखते हुए जांजगीर के साथ ही रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग पुलिस को भी अलर्ट किया गया। इस दौरान बुधवार रात करीब 8 बजे महेंद्र की लोकेशन बिलासपुर के सीपत चौक पर मिली। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
जांजगीर से रायगढ़ और फिर बिलासपुर पहुंचा
महेंद्र ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि पारिवारिक परेशानियों और कर्ज होने के चलते उसने सारी कहानी रची थी। इसके तहत वह 5 जुलाई को अपनी बाइक से दूध लेने निकला और वहां से रायगढ़ चला गया। इसके बाद बिलासपुर पहुंचा। इस बीच वह पत्नी को अपनी किडनैपिंग को लेकर कॉल करता रहा। खुद ही बताया कि 4-5 लोगों ने अगवा किया है और मारपीट कर छोड़ने की एवज में 2.30 लाख रुपए मांग रहे हैं।
दो साल पहले ही लव मैरिज की थी
महेंद्र की मां ऊषा शर्मा ने पुलिस को बताया था कि उसका बेटा जांजगीर के किसी फाइनेंस कंपनी "एम" बैंक में काम करता है। 6 महीने पहले उसकी नौकरी लगी है। कंपनी का दफ्तर रायपुर में है। ऊषा शर्मा ने यह भी बताया कि उसके बेटे ने 2 साल पहले लव मैरिज की थी। इसकी वजह से उसके ससुराल वाले भी नाराज चल रहे हैं। कई बार धमकी भी दे चुके थे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.