छत्तीसगढ़ के जांजगीर से झारखंड काम करने के लिए गए 45 मजदूरों को बंधक बना लिया गया है। इसे लेकर मजदूरों ने मोबाइल के जरिए एक पत्र और VIDEO दैनिक भास्कर को भेजा है। बताया गया है कि करीब एक माह से मजदूर वहां फंसे हुए हैं। संचालक ने मजदूरी नहीं दी है। मांगने पर गालियां और मारपीट की जाती है। इसकी जानकारी रिपोर्टर ने SP विजय अग्रवाल को दी। इसके बाद उन्होंने वहां के अफसरों से बात की है।
दरअसल, जांजगीर में दैनिक भास्कर ऐप टीम को एक वीडियो और पत्र वॉट्सऐप के माध्यम से भेजा गया है। कलेक्टर को संबोधित इस पत्र में बताया गया है कि सक्ति थाना क्षेत्र के जाजंग गांव से करीब दो माह पहले 45 मजदूर झारखंड मजदूरी करने के लिए गए थे। उनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। ये सभी लातेहार जिले के बालुभाथ थाना क्षेत्र के गांव साती स्थित ईंट-भट्ठा में काम कर रहे थे। इसका संचालक गणेश गुप्ता है।
सुविधाएं भी छीनी, महिलाओं से अभद्र व्यवहार
मजदूरों ने वीडियो और पत्र मे बताया है कि शुरुआत में सब ठीक चल रहा था, लेकिन जैसे ही मजदूरी भुगतान करने का समय आया, ईंट- भट्ठा संचालक और उसके गुर्गों ने मारपीट शुरू कर दी। मजदूरों को मिलने वाली सुविधाएं छीन ली गई। उन्हें जिस दर पर काम करने लाया गया था, उतनी रकम मांगने पर मारपीट की जाती है। महिलाओं से भी अभद्र व्यवहार कर और उन्हें गालियां देते हं। ना तो उनके पैसे दिए जा रहे हैं और ना ही वापस आने दिया जा रहा है।
रजिस्टर के पन्ने पर हिसाब लिखकर भेजा
पत्र के साथ ही मजदूरों ने रजिस्टर के पेज पर बकाया रकम का हिसाब लिखकर भेजा है। साथ ही वीडियो मैसेज भेज कलेक्टर से न्याय और बचाने की गुहार लगाई है। इस मामले की जानकारी SP विजय अग्रवाल का दी गई। इसके बाद उन्होंने लातेहार के स्थानीय पुलिस-प्रशासन से चर्चा की है। इसके बाद मजदूरों को रेस्क्यू करने का प्रयास तेज कर दिया है। उम्मीद जताई है कि एक-दो दिन में मजदूरों की घर वापसी हो जाएगी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.