ग्राम बहेराडीह में रविवार को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरण दास महंत ने किसान स्कूल का लोकार्पण किया। इस दौरान डॉ महंत ने स्कूल खोलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले किसानों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह एक अनूठा और भारत में अपनी तरह का अलग स्कूल है। यहां किसानों को बहुत कुछ सीखने को मिलेगा। किसान यहाँ से सीखकर अपने फसल का उत्पादन बढ़ा सकते हैं। अपनी आमदनी बढ़ा सकते हैं। आधुनिक तरीके से पशुपालन और जैविक खेती को भी अपना सकते हैं। इससे किसानों के जीवन स्तर में बदलाव आएगा।
मुख्य अतिथि विस अध्यक्ष डॉ महंत ने कहा कि किसान स्कूल का लाभ किसानों को जरूर मिलेगा। किसानों की समस्या को दूर करने किसानों के सहयोग से स्कूल खोला गया है। इसका लाभ स्थानीय जिले के अलावा अन्य जिले के किसानों को भी मिल पाएगा। उन्होंने सभी क्षेत्र के किसानों को यहां लाने की बात कही।
यहां चौपाल के साथ ही किसानों के कृषि उपकरण व विलुप्त होती चीजों को प्रदर्शनी के लिए सजाया गया। कार्यक्रम संयोजक कृषक दीनदयाल यादव ने किसान स्कूल में संचालित गतिविधियों की जानकारी दी और बताया कि किसान स्कूल में किसानों को कृषि क्षेत्र में 18 अलग-अलग विषयों में जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण में थ्योरी और प्रैक्टिकल दोनों तरह की जानकारी मिल पाएगी। उनके टीम में ऐसे मास्टर ट्रेनर है। विधानसभा अध्यक्ष ने गांव में किसान स्कूल खुलने पर कहा कि किसानों की, जो समस्याएं हैं उन्हें दूर किया जाएगा।
कोल्ड स्टोरेज की मांग को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने यहां 36 प्रकार की भाजी की प्रदर्शनी और अन्य उत्पादों का अवलोकन किया। स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा डॉ. महंत को छत्तीसगढ़ी व्यंजन भेंट की गई। किसानों द्वारा डॉ महंत और अतिथियों को खुमरी पहनाकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर कोरबा सांसद ज्योत्स्ना महंत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह, नगर पालिका परिषद जांजगीर अध्यक्ष भगवान दास गढ़ेवाल, जिला पंचायत सदस्य राजकुमार साहू, बलौदा जनपद उपाध्यक्ष नम्रता नामदेव, दिनेश शर्मा, गुलजार सिंह, सूरज महंत, प्रगतिशील किसान श्यामलाल राठौर, शिवकुमार तिवारी सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद थे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.