जांजगीर-चांपा जिला मुख्यालय के कचहरी चौक पर शुक्रवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा ने छत्तीसगढ़ सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया। भाजयुमो नेता-कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में बढ़ रहे अपराधों को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। इस दौरान भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने सीएम भूपेश बघेल के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने सीएम भूपेश बघेल का पुतला भी फूंका, जिसे पुलिस ने रोकने की कोशिश की और जलते हुए पुतले को पानी डालकर बुझाया। इस दौरान पुलिस और भाजयुमो कार्यकर्ताओं के बीच बहसबाजी और झड़प भी हुई। भाजयुमो पदाधिकारी बड़ी संख्या में आज शहर के कचहरी चौक पर जमा हुए थे। उन्होंने राज्य सरकार पर अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया।
भाजयुमो के प्रदेश मंत्री जितेंद्र देवांगन ने आरोप लगाते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में जब से कांग्रेस की सरकार बनी है, तब से ये अपराधियों का गढ़ बन गया है। छत्तीसगढ़ में यह खुलेआम फायरिंग हो रही है, लूटपाट किया जा रहा है, हत्याएं हो रही हैं, रेत माफिया सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जमकर अवैध वसूली का खेल चल रहा है, जिसमें सरकार के लोग भी शामिल हैं। भाजयुमो नेता जितेंद्र देवांगन ने प्रदेश सरकार पर गुंडागर्दी का आरोप भी लगाया।
इसके अलावा भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने खराब सड़क और इन्फ्रास्ट्रक्चर को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि गड्डों से भरी सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है। लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। भाजयुमो ने कहा कि लोग कांग्रेस सरकार से परेशान हो चुके हैं और इनकी नाकामियों को लेकर आक्रोशित हैं। भाजयुमो जांजगीर नगर मंडल अध्यक्ष दिनेश राठौर ने आरोप लगाया कि इन दिनों छत्तीसगढ़ में भू-माफिया, रेत माफिया और कोल माफिया काफी सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि अगर सीएम भूपेश बघेल इनके खिलाफ कोई कदम नहीं उठाती है, तो भाजयुमो कार्यकर्ता आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन करेंगे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.