बगीचा ब्लाॅक के ग्राम भितघरा में बने भव्य शिव मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम शुरू हो गया है। शुक्रवार को पहले दिन भव्य कलश यात्रा निकाली गई। हिन्दू स्वाभिमानी सूर्य की उपाधि प्राप्त ऑपरेशन घर वापसी के प्रमुख प्रबल प्रताप सिंह जूदेव अपनी पत्नी डॉ हीना सिंह जूदेव के साथ शामिल हुए। प्रबल व उनकी पत्नी ने पास की नदी से जल उठाया और सिर पर कलश लेकर मंदिर तक पहुंचे। उनके साथ ग्राम भितघरा सहित आसपास के गांव के सैकड़ों महिला पुरूषों की भीड़ थी।
500 से अधिक महिलाएं पीले परिधान में सिर में कलश पात्र धारण कर कलश यात्रा में शामिल हुईं। ग्राम भितघरा में भव्य शिव मंदिर का निर्माण भितघरा निवासी अरविंद गुप्ता ने कराया। मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भितघरा, बगीचा, जशपुर, दुलदुला, कुनकुरी, महादेवडाड़ सहित आसपास के विभिन्न इलाकों से लोग पहुंच रहे हैं।
पहले दिन कलश यात्रा में भक्तों की भीड़ जमा हुई। इस मौके पर पूरे भितघरा ग्राम को भगवा ध्वज से सजाया गया है। पहले दिन कलश यात्रा के बाद 25 मार्च को शिव महापुराण कथा प्रारंभ हो गया है। शिव महापुराण कथा कहने के लिए वृंदावन मथुरा से संगीत विसारद आचार्य पंडित रामलखन मिश्रा पहुंचे हैं। शनिवार को देव व पार्थिव पूजा हुई।
आज शिवलिंग महिला पार्थिव पूजन
मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का उत्सव 30 मार्च तक चलेगा। आज 26 मार्च को शिवलिंग महिमा पार्थिव पूजा, 27 मार्च को शिव परिवार प्रतिष्ठा, नारद मोह कथा, होली उत्सव का आयोजन किया जाएगा। 28 मार्च मंगलवार को सती चरित्र दुर्गा उपासना, शिव विवाह, देव पूजाव पार्थिव पूजा होगी। 29 मार्च को श्रीहरि अखंड संकीर्तन ओडिशा व स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा। 30 मार्च को हवन व पूर्णाहुति के साथ रामनवमी भव्य शोभायात्रा व विशाल भंडारे का आयोजन होगा।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.