छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा में 55 साल की अधेड़ महिला से निर्भया जैसी दरिंदगी को लेकर भाजपा भड़क गई है। दोषी को मौत की सजा देने की मांग को लेकर गुरुवार को जिले में प्रदर्शन करेंगे। इससे पहले अकलतरा में बुधवार को महिलाओं ने रैली निकाल कर प्रदर्शन किया। कहा है कि कांग्रेस के 37 माह के शासनकाल के दौरान प्रदेश में 5153 रेप की वारदातें हो चुकी हैं। महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। वहीं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी दोषी को कड़ी सजा देने की बात कही है।
भाजपा प्रदेश महामंत्री और विधायक नारायण चंदेल ने कहा कि जिस निर्ममता के साथ एक महिला की हत्या की गई है, उसकी तस्वीर ने निर्भया हत्याकांड की फिर ताजा किया है। यह घटना शर्मसार करने वाली है, लेकिन प्रदेश के मुख्यमंत्री कोई ठोस कदम नहीं उठाते। इसलिए अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है। विधायक चंदेल ने कहा कि जब से कांग्रेस की सरकार आई है, छत्तीसगढ़ अपराधियों के स्थली का गढ़ बन गया है।
जांजगीर में दुष्कर्म के अकेले 196 मामले
विधायक चंदेल ने कहा कि सरकार ने विधानसभा में खुद स्वीकार किया है कि 1 जनवरी 2019 से 15 फरवरी 2022 तक 5153 दुष्कर्म के मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें जांजगीर में ही 196 केस दर्ज हुए हैं। जिले में साल 2019 में 34, 2020 में 35, 2021 में 121 और 2022 के दो माह में 6 दुष्कर्म के केस हुए। बलात्कार के मामले में प्रदेश का स्थान देश में 6वां और हत्या के मामले में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है।
महिला मोर्चा बोली-दोषी को मिले मौत की सजा
वहीं भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत जांजगीर पहुंची। उन्होंने जिला कार्यालय में महिला मोर्चा की बैठक ली और घटना की निंदा की। कहा कि वह दोषी को मृत्युदंड देने की मांग करती हैं। इस मुद्दे को लेकर 7 जुलाई को महिला मोर्चा जांजगीर में उग्र आंदोलन करेगा। महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा पर ध्यान नहीं दे रही है।
दुष्कर्म कर गुप्तांग में डाल दिया था तवे का मूठ
दरअसल, 2 जुलाई की रात जांजगीर-चांपा के अकलतरा में 55 साल की एक महिला से निर्भया जैसी दरिंदगी की गई। अधेड़ महिला से पहले दुष्कर्म किया गया। फिर उसके गुप्तांग में तवे का मूठ डाल दिया। उसके गले और छाती को पैरों से रौंद डाला, जिसके कारण महिला की हडि्डयां टूट गईं, फेफड़े फट गए और महिला की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया। महिला के बच्चे नहीं थे और उसके पति की मौत हो चुकी थी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.