माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा जारी किए गए दसवीं व बारहवीं के परीक्षा परिणाम ने जिले में शिक्षा की बढ़ती गुणवत्ता को सामने लाया है। दसवीं में जिले की 5 छात्राओं ने मैरिट लिस्ट में अपनी जगह बनाई है, वहीं बारहवीं में कांसाबेल उमावि के छात्र ने 93.40 प्रतिशत अंकों के साथ अपनी जगह बनाई।
शिक्षा में गुणवत्ता लाने के लिए जिले में संचालित स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल और डीएमएफ मद से संचालित संकल्प शिक्षण संस्थान ने टॉपर बच्चे निकाले हैं, इधर सरस्वती शिशु मंदिर ने भी अपनी शिक्षा गुणवत्ता का लोहा मनवाया है।
दसवीं की मैरिट लिस्ट में जगह बनाने वाली सौम्या यादव स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम जशपुर की छात्रा है। साक्षी सिंह स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम कांसाबेल की छात्रा है। अनिशा एक्का व विभारानी यादव संकल्प शिक्षण संस्थान कुनकुरी की छात्राएं हैं और प्रियांशु पाठक सरस्वती शिशु मंदिर पत्थलगांव की छात्रा है।
डॉक्टर बनना चाहती हैं विभा रानी यादव
दाराखिरका गांव की विभा रानी यादव ने दसवीं के मैरिट लिस्ट में चौथा स्थान प्राप्त किया है। उसका नवमी में संकल्प शिक्षण संस्थान में चयन हुआ था। उसके पिता किसान व मां आंगनबाड़ी कार्यकर्ता है। विभा रानी ने अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों व मां-बाप को दिया है। वह डॉक्टर बनना चाहती है।
जशपुर कांसाबेल की छात्राएं चौथे स्थान पर
परिणाम में छत्तीसगढ़ के पूरे 171 स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में केवल 4 बच्चे मेरिट में अपना स्थान बनाने में सफल रहे है। उल्लेखनीय है कि इन 4 बच्चों में से जशपुर जिला के दो स्वामी आत्मानंद विद्यालय जशपुर व कांसाबेल की छात्राओं ने प्रावीण्य सूची में चौथा स्थान प्राप्त कर पूरे जिले को गौरवान्वित किया है।
स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय का संचालन प्रदेश का एक महत्वपूर्ण महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका संचालन कलेक्टर के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। जशपुर जिले के लिए यह बहुत बड़ी उपलब्धि है कि पूरे प्रदेश में संचालित 171 अंग्रेजी माध्यम के विद्यालयों में 10 वी बोर्ड में प्रावीण्य सूची में स्थान बनाने वाले चार बच्चों में से दो बच्चे सौम्या यादव और साक्षी सिंह कुशवाहा जशपुर जिले से है।
कलेक्टर बोले- माता-पिता के साथ आईए
कलेक्टर रितेश कुमार अग्रवाल ने आज 10वी बोर्ड परीक्षा के मेरिट में आने वाले जिले के सभी पांच बच्चों को बधाई और शुभकामना संदेश दिया है। कलेक्टर ने सभी मेरिट आने पांचों बच्चों को आज सम्मानित करने अपने माता पिता के साथ जशपुर आने के लिए आमंत्रित किया है। शिक्षा अधिकारी जे के प्रसाद ने सभी मेरिट में स्थान बनाने वाले बच्चों तथा विद्यालय के सभी प्राचार्यों और शिक्षकों को बधाई दी है। साथ ही भविष्य में भी अच्छे प्रदर्शन की आशा की।
संकल्प से लगातार छठवें साल टॉपर
डीएमएफ मद से संचालित संकल्प शिक्षण संस्थान से लगातार छठवें बच्चों ने मैरिट लिस्ट में लगह बनाई है। पूर्व कलेक्टर डॉ प्रियंका शुक्ला ने बच्चों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा देने के लिए संकल्प शिक्षण संस्थान की नींव रखी थी। बेहतर प्रदर्शन को देखते हुए अन्य विकासखंडों में भी संकल्प शिक्षण संस्थान खोले गए थे। इस वर्ष दसवीं मैरिट लिस्ट में जगह पाने वाली दो छात्राएं विभारानी यादव और अनिशा एक्का संकल्प शिक्षण संस्थान कुनकुरी की हैं। दोनों किसान परिवार की बेटियां हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.