ग्राम पंचायत बेंदा के आश्रित गांव तुरैया बाहरा में शनिवार को दुर्लभ बैंबू पिट वाइपर प्रजाति का सांप मिला है। इस सांप ने खेत में काम कर रहे एक युवक को डस लिया। समय रहते डॉक्टरी उपचार से उसकी जान बच गई। डसने के बाद युवक ने सांप को पकड़कर रस्सी से बांस पर बांध दिया था।
मिली जानकारी के मुताबिक तुरैया बाहरा गांव निवासी रूपसिंह पिता राजकुमार मेरावी (28) शनिवार को खेत में काम कर रहा था। बारिश के कारण खेत हरा- भरा है। खेत में बैठकर काम करते समय गहरे हरे रंग का सांप उसे दिखा नहीं और इस सांप ने उसके बाएं पैर को डस लिया। डसने के बाद युवक की नजर उस सांप पर पड़ी।
उसने सांप को पकड़कर रस्सी से बांस पर बांध दिया और अपने साथ घर ले आया। डॉयल 112 पर कॉल कर सूचना दी। सूचना देने के महज 15 मिनट के भीतर डॉयल 112 की टीम गांव पहुंची और पीड़ित युवक को अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के बाद फिलहाल उसकी स्थिति ठीक बताई जा रही है।
हरे रंग का है यह सांप
हरे रंग का दिखने वाला यह सांप बैंबू पिट वाइपर है। दक्षिण भारत में यह दुर्लभ सांप पाया जाता है। मेंढक- चूहे इनकी खुराक होती है। घास या पेड़ पर हरे-भरे पत्तों पर यह सांप अपने रंग की वजह से आसानी से नजर नहीं आते। दुर्लभ होने से छग में कहीं- कहीं बैंबू पिट वाइपर देखने को मिलते हैं। इसे सुआ पंखी सांप भी कहते हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.