केंद्रीय मंत्री ने किया भूमिपूजन:स्टेज के बैनर में शिक्षा मंत्री की तस्वीर भूले तो रेणुका बोलीं - ये लापरवाही नहीं चलेगी, खोरमा में बनेगा एकलव्य आवासीय विद्यालय

प्रतापपुर7 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

सूरजपुर जिले के ग्राम पंचायत खोरमा में 38 करोड़ से एकलव्य आवासीय विद्यालय का भवन बनेगा। शनिवार को केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह ने भवन निर्माण के लिए आधारशिला रखी। कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री प्रेमसाय सिंह भी शामिल हुए। मंत्री रेणुका सिंह ने कहा कि इससे बच्चों को लाभ मिलेगा। उन्होंने शिक्षकों से देश के भविष्य को बेहतर शिक्षा देने का आग्रह किया। रेणुका सिंह ने समारोह के बैनर में शिक्षा मंत्री डॉक्टर प्रेमसाय सिंह का फोटो नहीं लगाने पर अधिकारियों के प्रति नाराजगी जाहिर की और कहा कि इस तरह का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री प्रेमसाय सिंह खोरमा के सरपंच जालिम सिंह ने भी संबोधित किया। इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष सतीश चौबे, बनवारी गुप्ता, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता राजेश गुप्ता, अनिल गुप्ता, नवीन जायसवाल शक्कर कारखाना उपाध्यक्ष जितेंद्र दुबे के साथ अन्य लोग मौजूद रहे। शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त कर रही सरकार- कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे क्षेत्रीय विधायक और छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह ने कहा कि भारत सरकार के जनजाति कल्याण विभाग व छत्तीसगढ़ शासन द्वारा परस्पर सहयोग से शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाया जा रहा है। इसके साथ ही क्षेत्र में शिक्षा के विकास के लिए जनजाति क्षेत्रों में एकलव्य आवासीय विद्यालय, प्रयास विद्यालय, आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालय की स्थापना कर शिक्षा का स्तर सुधारने का प्रयास है। क्षेत्र के बच्चों को अच्छी शिक्षा उपलब्ध हो सके, इसके लिए निरंतर सरकार प्रयास कर रही है।