छत्तीसगढ़ के कोरबा में ट्रैक्टर के पलटने से 2 लोगों की मौत हो गई है। दोनों खेत में जुताई के काम के लिए गए थे। इसके बाद ट्रैक्टर चालक दूसरे युवक को ट्रैक्टर चलाना सिखा रहा था। उसी वक्त गाड़ी को मेढ़ में चढ़ाने के दौरान ये हादसा हो गया है। दोनों युवक ट्रैक्टर के नीचे दब गए थे। हादसा पसान थाना क्षेत्र में हुआ है।
बताया जा रहा है कि ग्राम सिर्री निवासी अभिराम सिंह(40) बुधवार सुबह बैकुंठ सिंह मरावी के साथ कदममुड़ा रोड स्थित आलोक प्रजापति के खेत में ट्रैक्टर से जुताई करने गया था। बरसात का मौसम शुरू हो गया है। इस वजह से किसान अपने खेत में जुताई के काम में लगे हुए हैं। इसी जुताई के काम के लिए अभिराम सिंह भी गया हुआ था।
जानकारी मिली है कि अभिराम सिंह ने जुताई का काम पूरा कर लिया था। इसके बाद उसे बैकुंठ सिंह ने ट्रैक्टर सिखाने के लिए बोला था। इस पर अभिराम सिंह उसे ट्रैक्टर सिखा रहा था। बैकुंठ सीखते वक्त मेढ़ से ट्रैक्टर पार करना चाहता था। इसके लिए उसने गाड़ी को चढा भी दिया था। मगर मिट्टी गीली होने के कारण ट्रैक्टर के चढ़ते ही गाड़ी नीचे की ओर धंसने लगी। इसके बाद ट्रैक्टर अनियंंत्रित होकर पलट गया। अभिराम सिंह और बैकुंठ सिंह दोनों उसी ट्रैक्टर के नीचे आ गए। कुछ देर बाद ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद आस-पास के खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस को भी इस बारे में बताया गया था। काफी मशक्कत के बाद दोनों के शव को निकाला गया। फिर पीएम के लिए भेजा गया था। पीएम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.