कोरबा जिले में SECL की मेगा परियोजना कुसमुंडा खदान में गुरुवार को त्रिपुरा राइफल्स के जवानों और डीजल चोरों के बीच झड़प हो गई। जवानों ने जब डीजल चोरों को रोकना चाहा, तो आरोपियों ने हमला कर दिया और जमकर पथराव भी किया। इधर जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए चोरों की गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना कुसमुंडा थाना क्षेत्र की है।
SECL की खदानों में डीजल चोर का आतंक बढ़ता ही जा रहा है। त्रिपुरा राइफल्स के जवानों को खदानों की सुरक्षा के लिए लगाया गया है। इसी क्रम में गुरुवार को उनका सामना डीजल चोरों से हो गया। साइलो के पास जवानों और चोरों के बीच मुठभेड़ हो गई। आरोपियों ने जवानों पर हमला कर दिया। चोरों ने जमकर पथराव किया। जिसके बाद जवानों ने भी आरोपियों पर जवाबी कार्रवाई की। हालांकि मौका देखकर आरोपी फरार होने में कामयाब हो गए।
डीजल चोर वैशाली नगर पेट्रोल पंप के पीछे कुसमुंडा खदान में बोलेरो कैम्पर वाहन लेकर घुस आए थे। खदान के अंदर आरोपी कैंपर वाहन से डीजल चोरी करने की कोशिश कर रहे थे कि तभी त्रिपुरा राइफल्स की पेट्रोलिंग टीम वहां आ गई और दोनों के बीच संघर्ष हुआ। आरोपी तो भागने में सफल रहे, लेकिन जवानों ने अपना पूरा गुस्सा उनकी गाड़ी पर निकाला। उसमें तोड़फोड़ करते हुए जवानों ने उसका एक चक्का भी निकाल दिया।
कुसमुंडा थाना पुलिस जांच में जुटी
इधर घटना की जानकारी मिलते ही कुसमुंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कुसमुंडा थाना प्रभारी राजेश जांगड़े ने बताया कि मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। चोर जिस गाड़ी से आए थे, उसे जब्त कर लिया गया है। ये कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी डीजल चोरों ने सुरक्षाबलों को कुचलने की कोशिश की थी। जिस पर बीजेपी नेता ओपी चौधरी ने निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि डीजल चोरों को रोकने में SECL प्रबंधन, CISF, त्रिपुरा राइफल्स और स्थानीय पुलिस असफल साबित हुई है।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.