कोरबा जिले के बालको सेक्टर- 4 काली मंदिर के पास संजय नगर बस्ती में सिलेंडर में आग लग गई। मंगलवार दोपहर को हुए हादसे में 3 लोग झुलस गए हैं। गैस सिलेंडर का पाइप लीक होने के कारण आग लगी। सभी घायलों को बालको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना बालको थाना क्षेत्र की है।
बालको थाने में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक अजय सोनवानी ने बताया कि संजय नगर बस्ती में चैन लाल यादव (27 वर्ष) अपने परिवार के साथ रहता है। आज दोपहर 12 बजे उसकी पत्नी सुष्मिता यादव (23 वर्ष) और उसकी भाभी देवकी यादव (39 वर्ष) किचन में खाना बना रही थी। सुष्मिता थोड़ी देर बाद किसी काम से रसोईघर से चली गई। इसी दौरान सिलेंडर की पाइप रेगुलेटर से अलग हो गई और गैस लीक होने लगा। भाभी देवकी ने तुरंत देवर चैन लाल और देवरानी सुष्मिता को आवाज दी। भाभी की आवाज सुनकर तुरंत देवर-देवरानी किचन में आए, लेकिन तब तक सिलेंडर में आग लग गई।
देवर-देवरानी और भाभी तीनों आग की चपेट में आकर झुलस गए। तीनों की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी वहां पहुंचे और डायल 112 को भी सूचना दी गई। लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों को बालको अस्पताल में भर्ती कराया और उनके बयान दर्ज किए। गनीमत ये रही कि भाभी के दोनों बच्चे स्कूल गए हुए थे, तो उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
वहीं भाभी के पति बालको में ठेका मजदूर हैं, वो ड्यूटी पर गए हुए थे। छोटा भाई चैन लाल यादव भी बालको प्लांट में ठेकाकर्मी है, जो सोमवार को नाइट ड्यूटी कर मंगलवार की सुबह घर आया हुआ था। इसी दौरान इतना बड़ा हादसा हो गया। तीनों 50 फीसदी के करीब जले हैं।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.