रन फॉर यूनिटी का आयोजन:जनप्रतिनिधि, अफसरों के साथ छात्रों ने लगाई दौड़

कोरबा7 महीने पहले
  • कॉपी लिंक
रन फॉर यूनिटी में दौड़ लगाते जनप्रतिनिधि व अधिकारियों के साथ छात्र। - Dainik Bhaskar
रन फॉर यूनिटी में दौड़ लगाते जनप्रतिनिधि व अधिकारियों के साथ छात्र।

सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर सोमवार को प्रशासन ने शहर के घंटाघर चौक में रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महापौर राजकिशोर प्रसाद ने हरी झंडी दिखाकर एकता दौड़ को रवाना किया, जिसमें जनप्रतिनिधि, अफसरों से लेकर छात्रों व विभिन्न समाजसेवी संगठनों के पदाधिकारियों ने दौड़ लगाकर राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। पाली व दीपका में भी रन फॉर यूनिटी का आयोजन हुआ, जिसमें विधायक मोहित केरकेट्टा व पुरुषोत्तम कंवर शामिल हुए।

घंटाघर चौक में हुए रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम में एडीएम विजेंद्र पाटले, जिला पंचायत सीईओ नूतन कंवर, अतिरिक्त एसपी अभिषेक वर्मा, राज्य महिला आयोग की सदस्य अर्चना उपाध्याय, एसडीएम कोरबा सीमा पात्रे ने भी दौड़ में लगायी। इस दौड़ में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, कॉलेज के छात्र, युवा व अन्य शामिल हुए। एकता दौड़ के रवाना होने के पहले जिला पुलिस बल के जवानों ने बैंड की धुन पर मार्च पास्ट भी किया, जिसमें महिला पुलिस बल, एनसीसी कैडेट्स के सदस्य शामिल हुए। कार्यक्रम में तहसीलदार मुकेश देवांगन, सीएसपी विश्वदीपक त्रिपाठी, डीईओ जीपी भारद्वाज, निगम उपायुक्त खजांची कुम्हार समेत खेल व युवा कल्याण विभाग के अधिकारी- कर्मचारी मौजूद रहे।

अखंडता की दिलाई शपथ
कार्यक्रम में महापौर प्रसाद ने एकता व अखंडता की शपथ दिलायी। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल ने पूरे भारत एक सूत्र में पिरोने का काम किया था। उनकी जयंती को एकता दिवस के रूप में हम मनाते हुए राष्ट्रीय एकता का संदेश दे रहे हैं। एडीएम पाटले व एएसपी वर्मा ने भी सरदार वल्लभ भाई पटेल के राष्ट्र के प्रति विचारों और योगदान पर अपने विचार रखे।

समर्पित करने की ली शपथ
निगम के मुख्य प्रशासनिक भवन व जिला मुख्यालय के कलेक्टोरेट दफ्तर में यहां के अफसरों-कर्मियों ने देश की एकता व अखंडता को बनाए रखने की शपथ ली। निगम में अपर आयुक्त खजांची कुम्हार और कलेक्टोरेट में संयुक्त कलेक्टर अवध सिंह राणा व भरोसा राम ठाकुर ने अफसरों-कर्मियों को इसकी शपथ दिलायी। एकता व सुरक्षा को बनाए रखने खुद को समर्पित करने प्रेरित किया।