यात्री हुए परेशान:रात 11.20 बजे की मेमू लोकल दूसरे दिन भोर में 4 बजे पहुंची

काेरबा8 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

त्योहारी सीजन को देखते हुए रेलवे बोर्ड ने सभी बंद यात्री ट्रेनें शुरू की हैं, जिसका फायदा कोरबा के यात्रियों को भी मिलने लगा है। लेकिन रेलवे प्रशासन बिलासपुर ट्रेनों को समय पर चलाने में कामयाब नहीं हो पा रहा है। ऐसा कोई भी दिन नहीं जा रहा, जिस दिन कोई यात्री ट्रेन अपने निर्धारित समय पर कोरबा पहुंच रही है। इससे यात्रियों की परेशानी बढ़ती ही जा रही है।

12 अक्टूबर की रात तो हद ही हाे गई। इस दिन रायपुर से छूटकर कोरबा आने वाली मेमू स्पेशल जिसे यहां रात 11.20 बजे पहुंचना था, वह गाड़ी यहां 13 अक्टूबर की सुबह 4.05 बजे पहुंची। तय समय से 4.45 घंटे देरी से यहां पहुंचने पर सुबह साधन के लिए यात्रियों को भटकड़ना पड़ा। बालको और एनटीपीसी जाने वाले यात्रियों को अपने परिजनों को स्टेशन बुलाना पड़ा। तब जाकर वे अपने घर पहुंच पाए।

बालको निवासी राजेन्द्र सिंह ने बताया कि बुधवार को रायपुर से वे गाड़ी संख्या 08280 रायपुर कोरबा मेमू स्पेशल में सवार हुए थे। रायपुर से यह गाड़ी अपने निर्धारित समय पर शाम 6.30 बजे रवाना हुई थी, लेकिन बिलासपुर के बाद इस गाड़ी हर एक स्टेशन के साथ ही आउटर में रोका जाने लगा। इसके कारण यह गाड़ी इतनी विलंब हो गई कि वे तो परेशान हुई ही उनके साथ घर वालों को भी परेशान होना पड़ेगा। उनके जैसे कई यात्री और थे, जिन्हें इस तरह की परेशानी हुई।