छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बुधवार को महासमुंद जिले के खल्लारी विधानसभा क्षेत्र पहुंचे। यहां ग्राम बगारपाली में उन्होंने छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर भेंट-मुलाकात कार्यक्रम का शुभारंभ किया। यहां सीएम ने हितग्राहियों को सामग्री का वितरण भी किया। साथ ही कई विकासकार्यों की घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री ने बगारपाली तालाब के सौंदर्यीकरण का ऐलान किया। साथ ही कोमाखान में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी मीडियम स्कूल खोलने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि कोमाखान में शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने समाज कल्याण विभाग के 6 हितग्राहियों को सहायक उपकरण और डेमो चेक वितरित किए। इसके तहत उन्होंने 2 हितग्राहियों को राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के तहत 20-20 हजार रुपए का डेमो चेक, एक-एक हितग्राही को मोटराइज्ड ट्रायसाइकिल, व्हील चेयर, सीपी चेयर और हितग्राही दंपति को विवाह प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत 1 लाख रुपए का डेमो चेक वितरित किया।
मुख्यमंत्री ने कृषि विभाग के 5 हितग्राहियों को मसूर मिनी किट और मत्स्य विभाग के 3 हितग्राहियों को जाल का वितरण किया। सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि हमने भेंट-मुलाकात कार्यक्रम 4 मई से शुरू किया था। अब हम आपके पास आए हैं। उन्होंने कहा कि जब वे यहां आ रहे थे, तो उन्हें पैरा जलाने की गंध आ रही थी, जो उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि आप लोग पैरा यानि पराली नहीं जलाएं, बल्कि इसका दान करें। पैरादान महादान की तरह है। उन्होंने कहा कि दिसंबर आधा बीत गया, लेकिन अभी तक ठंड नहीं पड़ रही है। यह सब कार्बन उत्सर्जन के कारण हुआ है। प्रदूषण फैलने के कारण इसका असर मौसम और वातावरण दोनों पर पड़ा है।
उन्होंने कहा कि पैरा जलाने का कोई फायदा नहीं है। इससे ग्लोबल वॉर्मिंग बढ़ रही है, इसलिए हम चाहते हैं कि आप पैरा दान करें। मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि हमने सरकार बनते ही किसानों का कर्ज माफ किया था। 19 लाख से ज्यादा किसानों का साढ़े 9 हजार करोड़ रुपए का कर्ज माफ हुआ था। वे पहले कर्ज में डूबे रहते थे। उन्होंने कहा कि किसानों से जो वादा किया था, उसे घाटा सह कर भी हमने पूरा किया। 2500 रुपये प्रति क्विंटल में धान खरीदी की। केंद्र सरकार ने कहा कि समर्थन मूल्य से एक रुपये भी ज्यादा देंगे, तो हम धान नहीं लेंगे, लेकिन हमने किसानों से किया अपना वादा पूरा किया और उस पर अडिग रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़े नाला प्रोजेक्ट में किसानों के खेत डूब जाते हैं, इसलिए हम छोटे-छोटे स्ट्रक्चर बना रहे हैं। इसके जरिए पानी रोक-रोक कर लाते हैं। इससे सतह पर पानी मिल जाता है, साथ ही जलस्तर भी बढ़ता है। पानी रोकने से जमीन में नमी बनी रहती है। आज जरूरी है कि सभी नरवा में पानी रोका जाए, ताकि किसान के साथ पशु-पक्षियों को भी पीने के लिए पानी मिले।उन्होंने कहा कि हरिशंकर परसाई ने कहा है कि पूरी दुनिया में गाय दूध देने काम करती है, अकेले हिंदुस्तान में गाय वोट देने का काम करती है। हमने गाय की सेवा का कार्य किया है। हम गोमूत्र खरीद रहे हैं, गोबर खरीद रहे हैं। गोबर और गोमूत्र खरीदने से जो गाय दुधारू नहीं है, उन्हें भी लोग रख रहे हैं। CM ने कहा कि गरवा की सेवा करना है। गोबर बेचना है, तो उसे बांधकर रखना होगा, चारा खिलाना पड़ेगा, इसलिए आप सभी से निवेदन है कि पैरादान जरूर करें।
खल्लारी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बगारपाली में CM भूपेश बघेल ने की ये घोषणाएं-
1. बगारपाली तालाब का सौंदर्यीकरण करवाया जायेगा।
2. ग्राम पंचायत बगारपाली के लिये नये भवन का निर्माण करवाया जायेगा।
3. कोमाखान में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल शुरू किया जायेगा।
4. ग्राम कोमाखान में शहीद वीर नारायण सिंह जी की प्रतिमा स्थापित की जायेगी।
5. गड़बेड़ा - सिंधुपाली - परसापाली मार्ग और पुल-पुलिया निर्माण को प्रशासकीय स्वीकृति दी जायेगी।
6. हनुमानडीह जलाशय के शीर्ष कार्य मरम्मत, नहरों की रिमॉडलिंग, लाइनिंग और मरम्मत कार्य की प्रशासकीय स्वीकृति दी जायेगी।
7. ठाकुरदिया जलाशय के शीर्ष कार्य मरम्मत, नहरों का रिमॉडलिंग एवं लाइनिंग और मरम्मत कार्य की प्रशासकीय स्वीकृति दी जायेगी।
8. शासकीय महाविद्यालय बागबाहरा में ओपन स्टेडियम की स्वीकृति दी जायेगी।
9. उप स्वास्थ्य केन्द्र नर्रा का प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में उन्नयन किया जायेगा।
10. बगारपाली से तेंदुकोना पक्की सड़क निर्माण।
11. कौहाकूड़ा से खुसरूपाली सड़क निर्माण।
12. बगारपाली में राजीव गांधी सेवा केंद्र भवन।
13. खुसरूपाली में मंगल भवन।
14. कौहाकूड़ा हाई स्कूल का नामकरण स्वतंत्रता संग्राम सेनानी जहान सिंह के नाम पर होगा।
15. घोंच में उप स्वास्थ्य केंद्र की घोषणा।
विधानसभा खल्लारी के ग्राम मरारकसीबहरा में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की घोषणाएं-
1. ग्राम एमके बाहरा में हाईस्कूल खोली जायेगी।
2. ग्राम मुनगासेर में जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक की शाखा खोली जायेगी।
3. कमरौद से चरौदा मार्ग एवं पुल-पुलिया निर्माण करवाया जायेगा।
4. खोपली से सोनापुटी मार्ग एवं पुल-पुलिया निर्माण करवाया जायेगा।
5. सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बागबाहरा को 30 बिस्तर से 100 बिस्तर में उन्नयन।
6. आई.टी.आई. बागबाहरा में 02 नये ट्रेड-इलेक्ट्रिशियन व फिटर की स्वीकृति।
7. चण्डी मंदिर बागबाहरा और खल्लारी मंदिर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जायेगा ।
8. ग्राम कुलिया में विद्युत सब-स्टेशन की स्वीकृति दी जायेगी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.