प्रदेश की सरकार बारिश में गोबर के नुकसान की भी भरपाई कर सकती है। इसे लेकर जल्द ही कार्ययोजना बनाई जा सकती है। इस बात की जानकारी प्रदेश के मंत्री अमरजीत भगत ने दी। मीडिया से बात-चीत में मंत्री किसानों को हुए नुकसान की भरपाई करने की बात कर रहे थे, जब उनसे पूछा गया कि कई जगहों पर गोबर भी बह गया इसके नुकसान का मुआवजा क्या किसानों को मिलेगा। इस पर मंत्री भगत ने कहा कि यह नई तरह की बात है, यदि ऐसा हुआ है तो जानकारी लेंगे, कहां नुकसान हुआ। दरअसल प्रदेश में सरकार किसानों और पशूपालकों से गोबर 2 रुपए प्रतिकिलो की दर से खरीद रही है। अधिकांश गौठानों में रखा है, इससे खाद बनाने की तैयारी थी, कई जगहों पर जल भराव की वजह से गोबर का नुकसान हुआ है।
रायपुर में यह हाल
दो दिन पहले रायपुर में हुई तेज बारिश के बाद डंगनिया बस्ती डूबी। बस्ती में बना गोबर संग्रहण केंद्र भी इसकी चपेट में आ गया था। पानी में मिलकर गोबर और कीचड घरों में घुस रहा था। कम्यूनिस्ट पार्टी के जिला सचिव प्रदीप गभने बताया कि गोबर संग्रहण केंद्र इस बस्ती की दुर्दशा का एक बड़ा कारण बन गया है। यहां संग्रहित गोबर का कई-कई दिनों तक उठाव नहीं होता है और सड़ते गोबर की दुर्गंध से बस्तीवासियों का जीना मुहाल हो गया है। पार्टी ने गोबर केंद्र को दूसरी जगह शिफ्ट करने की मांग भी की। पार्टी नेताओं ने यह भी कहा कि केंद्र को नहीं हटाया गया तो आंदोलन करेंगे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.