छत्तीसगढ़ के जशपुर में करीब दो साल बाद फिर से ऑपरेशन घर वापसी की शुरुआत हुई। स्व. दिलीप सिंह जूदेव के पुत्र और भाजपा के प्रदेश मंत्री प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने 400 परिवारों के 1200 लोगों के पांव धोकर हिंदू धर्म में वापसी कराई। इस दौरान हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ जुटी थी। प्रबल प्रताप सिंह ने कहा कि हिंदुत्व की रक्षा करना उनके जीवन का एकमात्र संकल्प है। घर वापसी करने वाले अधिकांश परिवार बसना सराईपाली के थे।
मजबूरी का फायदा उठाकर किया काम टिकाऊ नहीं होता
ऑपरेशन घर वापसी के प्रमुख प्रबल प्रताप सिंह ने कहा कि हिन्दुत्व की रक्षा उनके जीवन का एकमात्र संकल्प है। आज इतनी अधिक संख्या में लोगों की मूल धर्म में वापसी अच्छे संकेत हैं। किसी की मजबूरी का फायदा उठाकर किया गया काम कभी टिकाऊ नहीं होता है। मिशनरियों ने गरीबों की मजबूरी का फायदा उठाकर उनका धर्मांतरण किया था। शिक्षा व स्वास्थ्य के नाम पर धर्म का सौदा किया था। हम लगातार इन षड्यंत्रों को बेनकाब करते रहेंगे।
तीन पीढ़ी पहले हुआ था धर्म परिवर्तन, बोले- अब जागरूक
बसना से शुक्रवार को 20 बसों में ईसाईयों को लाया गया था। कार्यक्रम स्थल में उन्हें मूल धर्म में वापसी कराई गई। इनमें 100 परिवार स्थानीय और 300 परिवार बसना सराईपाली से थे। मूल धर्म में लौटे लोगों ने बताया कि करीब तीन पीढ़ी पहले उनके पूर्वजों का धर्मांतरण हुआ था। उस वक्त वे बेहद गरीब थे और खेती में कुछ मदद और बीमारियों में इलाज की सहायता मिलने के कारण पूर्वजों ने धर्म परिवर्तन कर लिया था। पर अब वे जागरूक हो गए हैं।
आर्य समाज और हिंदू समाज की ओर से था आयोजन
पत्थलगांव के खूंटापानी में आर्य समाज और हिंदू समाज की ओर से दो दिवसीय महायज्ञ का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में शुक्रवार को हिंदू स्वाभिमानी सूर्य की उपाधि प्राप्त जशपुर राजपरिवार के प्रबल प्रताप सिंह जूदेव मुख्य अतिथि थे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के तौर पर रायगढ़ राजघराने के देवेन्द्र प्रताप सिंह, आर्य समाज के अंशुल देव महाराज, जशपुर के विजय आदित्य सिंह जूदेव, खुड़िया दीवान प्रदीप नारायण की उपस्थिति रही।
पहले दिन निकाली गई कलश यात्रा, बाइक रैली
खूंटापानी में हुए दो दिवसीय कार्यक्रम के पहले दिन गुरुवार को आर्य समाज की ओर से कलश यात्रा निकाली गई। इस कलश यात्रा में सैकड़ों महिलाएं शामिल हुईं। इसके बाद बाइक रैली निकली। बाइक रैली में 300 युवा शामिल हुए थे। बाइक रैली खूंटापानी से निकलकर चिकनीपानी, लुड़ेग, पत्थलगांव से लैलुंगा होते हुए वापस खूंटापानी पहुंची थी। इस रैली में शामिल युवा जय श्री राम के नारे लगा रहे थे।
पिता के अधूरे काम को आगे बढ़ा रहे प्रबल: अंशुल
कार्यक्रम में आर्य समाज के अंशुल देव महाराज ने कहा कि प्रबल प्रताप अपने पिता स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव के अधूरे काम को पूरे जी जान से आगे बढ़ा रहे हैं। कुमार दिलीप सिंह जूदेव का हिन्दुत्व रक्षा में किए गए योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। अब हिन्दुत्व रक्षा का यह पूरा काम प्रबल के नेतृत्व में ही आगे बढ़ेगा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.