रायगढ़ शहर में शुक्रवार को बीजेपी ने नगर निगम की शवयात्रा निकालकर विरोध-प्रदर्शन किया। बीजेपी कार्यकर्ताओं ने नगर निगम में अव्यवस्था का आरोप लगाते हुए भाजपा कार्यालय से काली हांडी लेकर शवयात्रा निकाली। अर्थी को कंधा दिया और नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने नगर निगम कार्यालय के सामने जमीन पर बैठकर नारेबाजी भी की। भाजपा ने शहर में जर्जर हो चुकी सड़कों, आधी-अधूरी अमृत मिशन योजना को लेकर हो रही परेशानी और पीएम आवास आवंटन में देरी जैसे मुद्दों को लेकर नगर निगम को घेरने की रणनीति बनाई थी। इसी के तहत शुक्रवार को नेता प्रतिपक्ष पूनम सोलंकी सहित भाजपा पार्षदों ने जिला भाजपा कार्यालय से नगर निगम की शवयात्रा निकाली और उसे पूरे शहर में घुमाया।
इस शवयात्रा में जिला भाजपा अध्यक्ष, पूर्व विधायक सहित भाजपा के तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुईं। महिलाओं ने नगर निगम की अर्थी को कंधा भी दिया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सड़कें इतनी खराब हो चुकी हैं कि आए दिन हादसे हो रहे हैं। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों को नगर निगम कार्यालय के चक्कर काटने पड़ रहे हैं, लेकिन उन्हें घर का आवंटन नहीं हो पा रहा है।
बीजेपी ने कहा कि आधी-अधूरी अमृत मिशन योजना के पानी का बिल बिना कनेक्शन के घरों में भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर निगम ने घोषणापत्र में किया एक भी वादा पूरा नहीं किया है। शहर की सफाई-व्यवस्था चरमराई हुई है। ऐसे में वे शवयात्रा निकालकर अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं। भाजपाईयों ने कहा कि अगर नगर निगम ने समस्याओं को दूर नहीं किया, तो आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन किया जाएगा।
तीन सालों से सोया है नगर निगम- नेता प्रतिपक्ष
इस दौरान नगर निगम की नेता प्रतिपक्ष पूनम सोलंकी ने कहा कि लगातार तीन वर्षों से निगम प्रशासन सोया हुआ है। रायगढ़ के विकास को लेकर कहीं से भी उसमें गंभीरता नहीं हैं। जनता त्रस्त है इसीलिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने निगम की शवयात्रा निकाली है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.