छत्तीसगढ़ के धमतरी में तीनों नगर पंचायत आमदी, कुरूद और मगरलोड के लिए हुए उपचुनाव में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा है। गुरुवार को घोषित नतीजों में कांग्रेस को जीत मिली है। तीनों नगर पंचायत के एक-एक वार्ड के लिए 20 दिसंबर को मतदान हुआ था।
नगर पंचायत आमदी के वार्ड-14 से कांग्रेस प्रत्याशी घनानंद साहू ने BJP उम्मीदवार निर्मला केसरिया को 39 वोटों से हराया। घनानंद साहू को 222 और निर्मला को 183 वोट मिले। वहीं कुरूद के वार्ड-1 से भी कांग्रेस उम्मीदवार उत्तम साहू ने जीत दर्ज की। उनको 289 और भाजपा प्रत्याशी प्रकाश चैनवानी (पप्पी) को 131 मत मिले। इसी तरह मगरलोड के वार्ड-11 से भाजपा के देवराज देवांगन को 38 वोटों से हराकर कांग्रेस के सुरेश कुमार साहू ने जीत दर्ज की। सुरेश को 139 वोट मिले। तीनों को जीत का प्रमाणपत्र प्रदान किया गया।
आमदी: कांग्रेस ने हारे को दिया मौका
आमदी में भाजपा व कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर थी। वार्ड 14 के पार्षद पद पर उप चुनाव हुआ। भाजपा ने पूर्व पार्षद नंदकुमार कोसरिया की मृत्यु होने पर उनकी पत्नी निर्मला कोसरिया को उतारा था, लेकिन सहानुभूति की जीत भी उनके हाथ से फिसल गई। कांग्रेस ने हारे उम्मीदवार घनानंद साहू पर फिर दांव लगाया और इस बार जीत अपने नाम कर ली। इससे पहले घनानंद वार्ड 5 से चुनाव लड़े थे, लेकिन हार गए थे।
कुरूद: यहां आमने- सामने की टक्कर
वार्ड 1 के पार्षद राजकुमार अग्रवाल के निधन पर यहां उपचुनाव हुआ था। कांग्रेस ने उत्तम साहू और भाजपा ने प्रकाश चैनवानी को प्रत्याशी बनाया। दोनों प्रमुख पार्टी ने नए चेहरे को मैदान में उतारकर जीत के लिए प्रयास किया। इस वार्ड में लंबे समय से कांग्रेस पार्टी का वर्चस्व रहा है।
मगरलोड :दोनों ने हारे लोगों को दिया मौका
नगर पंचायत मगरलोड-भैंसमुंडी के वार्ड 11 पार्षद मुकेश साहू के निणन के बाद खाली हुए पद के लिए चुनाव हुआ था। कांग्रेस ने पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष और वार्ड 12 से हारे प्रत्याशी सुरेश साहू को मौका दिया। वहीं भाजपा ने देवराज देवांगन पर दांव खेला था। वे वार्ड 11 से पहले भी चुनाव हार चुके थे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.