पंजाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में हुई चूक के खिलाफ दंतेवाड़ा में भाजपाइयों में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला है। पंजाब की कांग्रेस सरकार के खिलाफ भाजयुमो के कार्यकर्ताओं ने दंतेवाड़ा में जमकर विरोध प्रदर्शन किया है। फरसपाल चौक से पंजाब सरकार की शव यात्रा निकाली गई। शव यात्रा को नगर में घुमाने के बाद फिर बस स्टैंड के सामने पुतला दहन किया गया। इस दौरान पुलिस जवानों के साथ भाजपाइयों की थोड़ी झूमा-झटकी भी हुई।
भाजयुमो के जिला अध्यक्ष कुणाल ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री को पंजाब के फिरोजपुर में कार्यक्रम में शामिल होना था। लेकिन खराब मौसम की वजह से सड़क मार्ग से जाने का निर्णय पंजाब पुलिस ने लिया। सड़क मार्ग में कोई दिक्कत नहीं है कह कर प्रधानमंत्री का काफिला रवाना किया गया। मौजूदा स्थल से 5-7 किलोमीटर पहले ही ओवर ब्रिज में रणनीति के तहत चक्काजाम करवा दिया गया। पंजाब सरकार ने प्रधानमंत्री के खिलाफ किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की प्लानिंग की थी।
PM की सुरक्षा से खिलवाड़ कांग्रेस की घटिया राजनीति को दर्शाता है। कांग्रेस पार्टी सदैव लाशों की राजनीति करती आई है। देश की जनता कांग्रेस के असली चेहरे से अवगत हो चुकी है और धीरे-धीरे पूरे देश से कांग्रेस का अस्तित्व खत्म होता जा रहा है। इस लिए बौखला गए हैं। वहीं इस विरोध प्रदर्शन में भाजपा के जिलाध्यक्ष चैतराम अटामी समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.