छत्तीसगढ़ की कांकेर पुलिस ने 40 पैकेट गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। तस्कर के पास से 3 बड़े बैग से लगभग 44 किलो गांजा बरामद किया गया है। मुखबिर की सूचना के अनुसार कांकेर पुलिस ने मंगलवार- बुधवार की रात तकरीबन 3 बजे जगदलपुर से दुर्ग जाने वाली यात्री बस से तस्कर को पकड़ा है। जिसे बुधवार को जेल भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि, तस्कर दिल्ली के कुछ रईसजादों को गांजा पहुंचाने वाला था।
जानकारी के मुताबिक, कांकेर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि, जगदलपुर से गांजा लेकर एक व्यक्ति बस से रायपुर की तरफ जा रहा है। इसी सूचना के आधार पर कांकेर पुलिस रातभर कांकेर के बस स्टैंड व मुख्य सड़क पर पहरा देती रही। मुखबिर के बताए गए बस महेंद्रा ट्रेवल्स को रात तकरीबन 3:00 से 3:30 के बीच कांकेर में रुकवाया गया। इस दौरान सभी यात्रियों को उतरवाकर उनसे पूछताछ किए। साथ ही सामानों की भी तलाशी ली गई थी।
तलाशी के दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति के पास रखे 3 बैग से गांजा के 40 पैकेट बरामद किए। जिसके बाद पुलिस ने युवक को पकड़ लिया। जिससे पूछताछ करने पर उसने अपना नाम सलमान अली बताया जो राजस्थान का रहने वाला है। कांकेर थाना प्रभारी शरद दुबे ने बताया कि, सलमान अली गांजा की तस्करी कर जगदलपुर से दुर्ग जा रहा था। वहां से अन्य वाहनों के माध्यम से दिल्ली जाने वाला था। जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। गांजा की कीमत लगभग 5 लाख रुपए है।
बस से हो रही गांजा की तस्करी
गांजा की तस्करी करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश के बाद पुलिस अलर्ट हो चुकी है। सभी यात्री वाहनों की तलाशी ली जा रही है। जगदलपुर से कई यात्री बसें रात के समय रायपुर के लिए निकलती है। ऐसे में बहुत कम इन बसों की चेकिंग की जाती है। इस लिए तस्कर अब अब छोटी वाहनों से तस्करी करने की बजाए बस का सहारा ले रहे हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.