बीजापुर में चलती बस में शुक्रवार सुबह गोली चलने से एक CRPF जवान की मौत हो गई। गोली जवान की ही राइफल से चली। बताया जा रहा है कि अचानक ट्रिगर दबने के कारण हादसा हुआ है। इस घटना में एक अन्य जवान के भी घायल होने की सूचना है। जवान के शव को आवापल्ली अस्पताल में लाया गया। बताया जा रहा है कि हादसे के समय बस में अन्य यात्री भी सवार थे। बस्तर आईजी पी सुंदरराज ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, उसूर से करीब 10 किमी दूर गलगम में हाल ही में सुरक्षाबलों का कैंप स्थापित किया गया है। CRPF 229वीं बटालियन के एक दर्जन से ज्यादा जवान शुक्रवार सुबह कैंप से उसूर पहुंचे और वहां से कुशवाहा ट्रैवल्स की बस में सवार होकर किसी काम से बीजापुर जिला मुख्यालय आ रहे थे। इसी बीच बस में सवार जवान त्रिलोक सिंह की राइफल का ट्रिगर दब गया। गोली त्रिलोक सिंह के सिर में लगी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसा उसूर से करीब 12 किमी दूर आवापल्ली में बीच बस्ती में हुआ है। हादसे में एक अन्य जवान राजेन्द्र के घायल होने की भी खबर सामने आ रही है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर CRPF व पुलिस के अधिकारी भी पहुंच गए हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.