छत्तीसगढ़ के जगदलपुर और दंतेवाड़ा में भाजपा के कार्यकर्ता शुक्रवार को राज्य की कांग्रेस सरकार के खिलाफ सड़क पर उतर आए। छत्तीसगढ़ सरकार के रेडी टू ईट का निर्माण काम कृषि बीज विकास निगम को देने के फैसले को गलत बताया है। इसी विरोध में राज्यपाल अनुसूइया उइके के नाम प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपे हैं। भाजपाइयों का कहना है कि छत्तीसगढ़ शासन ने रेडी टू ईट के निर्माण का कार्य स्व सहायता समूह की बहनों से छीनकर कृषि बीज विकास निगम को देने का दुर्भाग्य जनक निर्णय लिया है। इस फैसले से कई लोगों से रोजगार छीन लिया गया है।
बस्तर जिले की महिला मोर्चा अध्यक्ष रामकुमारी यादव ने कहा कि भाजपा, महिला मोर्चा ने प्रदेश भर में आंगनबाड़ी केंद्र में जाकर हालत का जायजा लिया था। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय के आदेशानुसार रेडी टू ईट का कार्य अप्रैल 2022 तक पुराने स्व सहायता समूहों को दिया जाना था। लेकिन राज्य सरकार उसमें भी असफल रही। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को कलेक्टर दर से मानदेय देने का संकल्प लिया था, किंतु अभी तक इसमें कार्यरत महिलाओं को वैसा मानदेय नहीं दिया जा रहा है।
दंतेवाड़ा में निकाली गई रैली
भाजपा के कार्यकर्ताओं ने दंतेवाड़ा में रैली निकाली। कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंच कर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया है। भाजपाइयों ने कहा कि कुपोषण की दर चिंताजनक स्थिति तक पहुंच गई है। सामग्री की गुणवत्ता खराब है। जिससे बच्चों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.