छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले से सुकमा जिले के जगरगुंडा को जोड़ने वाली स्टेट हाईवे 5 सड़क निर्माण का काम बॉर्डर के इलाकों में दंतेवाड़ा पुलिस पूरा कराएगी। बोदली, मालेवाही के बाद अब सुकमा जिले के जगरगुंडा इलाके का कंट्रोल दंतेवाड़ा पुलिस के पास होगा। यहां प्रशासनिक व ऑपरेशनल जिम्मेदारी दंतेवाड़ा पुलिस को दे दी गई है। जिम्मेदारी मिलने के बाद SP डॉ अभिषेक पल्लव रविवार को जगरगुंडा पहुंचे।
बताया जाता है कि सालों पहले यह इलाका व्यापारिक केंद्र था। लेकिन धीरे-धीरे माओवादियों ने यहां अपने पैर पसारने शुरू कर दिए थे। इलाके को अपने कब्जे में ले लिया था और सड़कों को काट कर मार्ग बंद कर दिया था। जिससे इलाके में बड़ी वाहनों को छोड़ बाइक का चलना भी मुश्किल हो गया था। फिलहाल अब इतनी सड़क बन गई है जिससे आवागमन आसानी से हो सकता है। 15 सालों बाद यह पहला मौका रहा जब अफसर अपनी चारपहिया वाहन से इस गांव में पहुंचे।
पिछले 3 सालों से चल रहा काम
नक्सलियों की उप राजधानी कहे जाने वाले जगरगुंडा को जोड़ने सड़क निर्माण का काम चल रहा है। यह काम वैसे तो साल 2019- 20 को पूरा होना था। लेकिन पहले PWD विभाग की लेटलतीफी और फिर सुरक्षागत कारणों से काम की रफ्तार धीमी रही। लेकिन अब माना जा रहा है यहां काम की रफ्तार बढ़ेगी। इस इलाके में सड़क सुरक्षा में लगी CRPF 231 बटालियन के साथ दंतेवाड़ा DRG के जवान भी उतरेंगे।
SP डॉ अभिषेक पल्लव ने बताया कि, जगरगुंडा में प्रशासनिक और ऑपरेशनल जिम्मा दंतेवाड़ा पुलिस को मिला है। 15 साल बाद पहली बार इनोवा वाहन जगरगुंडा पहुंची। यहां सड़क निर्माण का काम भी जल्द पूरा करेंगे और नक्सलियों का खात्मा भी होगा। इलाके का विकास भी होगा। बॉर्डर के इलाकों में सड़क निर्माण के इस महत्वपूर्ण काम को पूरा कर नक्सलियों की जड़े कमजोर करने दंतेवाड़ा पुलिस के सामने चुनौती रहेगी। SP ने बताया मजबूर रणनीति बनाकर काम करेंगे।
कमारगुड़ा के आगे बन रही सड़क
कमारगुड़ा में CRPF 231 बटालियन का कैंप है। जवानों की सुरक्षा में यहां तक सड़क बन गई है। इसके आगे करीब 5 किमी का काम अभी बचा ही है। इधर बोदली इलाके में भी दंतेवाड़ा पुलिस के अधीन रहे करीब 5 किमी सड़क निर्माण का काम बचा है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.