छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में भीषण गर्मी में शहरवासी पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं। नगर निगम के 14 से ज्यादा वार्डों में पानी की समस्या बनी हुई है। कहीं बोर खराब है तो कहीं गंदा पानी आ रहा है। कुछ वार्डों में टैंकर से तो पानी भिजवाया जा रहा है, लेकिन उससे भी पूर्ति नहीं हो पा रही। ऐसे में नगर निगम के खिलाफ शहरवासियों में काफी आक्रोश देखने को मिल रहा है। इधर, भाजपा ने भी वार्डवासियों के साथ मिलकर नगर निगम को 5 दिनों के अंदर व्यवस्था सुधारने का समय दिया है। यदि व्यवस्था नहीं सुधरती है तो आंदोलन करने की चेतावनी दी गई है।
जगदलपुर के जवाहर नगर, मां दंतेश्वरी और पंडित दीनदयाल वार्ड में सबसे ज्यादा पानी की किल्लत है। जवाहर नगर वार्ड के लोगों ने कहा कि हमें पानी की समस्या से पूरे 12 महीने जूझना पड़ता है। गर्मी के दिनों में और ज्यादा परेशानी होती है। पार्षद धनसिंह नायक ने बताया कि वार्ड में केवल 2 बोर है और वह भी गर्मी के दिनों में सुख जाता है। वार्ड की करीब 6 हजार की आबादी को इन दोनों बोर से पानी की पूर्ति नहीं हो पाती है। 2 से 3 इलाके ऐसे हैं जहां के लोग पानी लेने के लिए 400 से 500 मीटर दूर पड़ोसी वार्ड में जाते हैं। फिर भी पूर्ति नहीं हो पा रही है।
3-4 दिनों में आता है टैंकर
जवाहर नगर वार्ड के लोगों का कहना है कि 3-4 दिनों में केवल एक ही बार पानी टैंकर आ रहा है। इसमें भी कई परिवार हैं जो टैंकर से पानी भरने छूट जाते हैं। पार्षद ने कहा कि टैंकर के लिए भी निगम में बार-बार कहना पड़ता है। 6 महीने पहले एक बोर का उत्खनन जरूर किया गया था, उसमें पानी नहीं आया। वहीं वार्ड के लिए 2 बोर की स्वीकृति मिली है। अब तक उत्खनन नहीं किया गया है। जब निगम को कहो तो बोर गाड़ी नहीं मिल रही कहकर टाल देते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे साथ पक्षपात किया जाता है।
वार्ड के बोर खराब, जो ठीक उसमें भी आ रहा गंदा पानी
मां दंतेश्वरी और पंडित दीनदयाल वार्ड में भी पानी की किल्लत है। दोनों वार्ड के कुछ बोर खराब पड़े हैं। कुछ सही हैं तो उसमें से भी गंदा पानी आ रहा है। जो पीने योग्य नहीं है। वार्डवासियों ने कहा कि नगर निगम के कर्मचारियों ने खराब बोर की मरम्मत करवाने की कोशिश जरूर की थी, लेकिन सही नहीं हो पाया। अभी वार्ड में टैंकर भिजवाया जा रहा है। दोनों वार्ड की आबादी ज्यादा है। इसलिए टैंकर का पानी पर्याप्त नहीं हो रहा। ऐसे में गर्मी के दिनों में पानी की समस्या बनी हुई है।
नेता प्रतिपक्ष बोले- जनता की प्यास बुझाने निगम विफल
जगदलपुर नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेता संजय पांडेय ने कहा कि शहर के 14 से ज्यादा वार्ड में पानी की समस्या बनी हुई है। शहर की जनता की प्यास बुझाने नगर निगम विफल है। पानी की समस्या को दूर करने के लिए अधिकारियों को भी कहा गया। फिर भी व्यवस्था सुधरवाने किसी ने कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। संजय ने कहा कि यदि 5 दिनों के अंदर व्यवस्था नहीं सुधरती है तो वार्डवासियों के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे। इधर, इस मामले में निगम आयुक्त और महापौर से पक्ष जानने फोन किया गया लेकिन दोनों ने फोन नहीं उठाया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.