छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में कांग्रेस और भाजपा के कार्यकर्ताओं के बीच जमकर लात-घूंसे चले हैं। मामला रविवार-सोमवार की देर रात करीब 1:30 बजे का है। कांग्रेसियों ने भाजपा के पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। दोनों ही पार्टी के कार्यकर्ताओं ने थाना में कुल 7 आवेदन दिए हैं। इस मारपीट की घटना को लेकर पूर्व और वर्तमान अध्यक्ष समेत कुल 16 लोगों के खिलाफ FIR हो गई है।भानुप्रतापपुर नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर 9 में सोमवार को पार्षद चुनाव के लिए वोटिंग हुई है। मामला भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, कांग्रेसियों का आरोप है कि आधी रात को भाजपा के पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष निखिल सिंह राठौर 70 से 80 कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस के अस्थायी कार्यालय में घुस आए थे। जहां कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट कर कुर्सी और सामान की तोड़-फोड़ करने लगे। कांग्रेसियों ने कहा कि, कार्यालय में मौजूद संजू नेताम समेत अन्य के साथ मारपीट की गई है। इधर भाजपा के पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष का आरोप है कि पार्षद चुनाव में कांग्रेसी बाहरी लोगों को लेकर आए थे।
रात में पैसे और दारू बांटे जा रहे थे। गुंडागर्दी भी की जा रही थी। इसी वजह से विवाद हुआ है। सत्ता पक्ष के दबाव की वजह से पुलिस थाना में हमारी तरफ से FIR नहीं लिखी जा रही है। हम चाहते हैं कि मामले की निष्पक्ष जांच हो। फिलहाल दोनों ही पार्टी के कार्यकर्ता पुलिस थाना में FIR करवाने पहुंचे हुए हैं।
आमरण अनशन पर बैठा कांग्रेसी कार्यकर्ता
इस मारपीट की घटना में घायल हुआ कांग्रेसी कार्यकर्ता संजू ने कहा कि, भाजपा के कार्यकर्ताओं ने जातिगत टिप्पणी की और मारपीट करनी शुरू कर दी। रात 2 बजे से पुलिस थाना में रिपोर्ट दर्ज करवाने के लिए बैठा हुआ हूं। लेकिन अब तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। इस लिए अब थाने के बाहर आमरण अनशन पर बैठ गया हूं। जब तक भाजपाइयों पर FIR की कार्रवाई नहीं होती है तब अनशन जारी रहेगा।
पुलिस को प्राप्त हुए 7 आवेदन
भानुप्रतापपुर थाना प्रभारी नरेश दिवान ने कहा कि, दोनों पक्षों की तरफ से कुल 7 आवेदन प्राप्त हुए हैं। भाजपा के कमलेश गावड़े की शिकायत पर वर्तमान नगर पंचायत अध्यक्ष बबला पाढ़ी, गुरदीप सिंह ढींढसा, मनीष योगी, मुकेश चंद्राकर, विजय धामेचा, नमन जैन, गणेश मिश्रा और सुरेश पंजवानी के खिलाफ तथा कांग्रेस के संजू नेताम की शिकायत पर पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष निखिल राठौर, अखिल राठौर, मनोज सचदेव, जीतू सचदेव, नितेश सचदेव, सचिन दुबे और नरेंद्र शर्मा के खिलाफ FIR हुई है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.