छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में सोमवार को कुल 4 नगर पंचायत में निकाय चुनाव सम्पन्न हुआ। बीजापुर जिले के भैरमगढ़ और भोपालपटम, सुकमा जिले के कोंटा और कांकेर जिले के नरहरपुर नगर पंचायत का चुनाव सुबह 8 बजे से शुरू हुआ और शाम 5 बजे खत्म हुआ। प्रशासन के द्वारा जारी किए गए आंकड़ों में सबसे ज्यादा नरहरपुर में 87.64% वोट पड़े हैं इसके साथ ही अन्य तीन भोपालपटनम, भैरमगढ़ और कोंटा में भी 80% से ज्यादा मतदान हुआ है। प्रशासन ने जानकारी देते हुए बताया कि, बीजापुर के भोपालपटनम में 84.36, भैरमगढ़ में 78.65 और कोंटा में 82.91 प्रतिशत मतदान हुआ है।
इधर निकाय चुनाव को लेकर लोगों में भी काफी हत्साह देखने को मिला था। सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतार लगी हुई थी। इधर दंतेवाड़ा के बचेली नगर पालिका और कोंडागांव नगर पालिका में एक-एक वार्ड में उप चुनाव सम्पन्न हुआ है। बस्तर में निकाय चुनाव को लेकर फोर्स भी अलर्ट थी। वहीं भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच वोटिंग की गई। सभी निकायों में सबसे ज्यादा नरहरपुर में 15 वार्ड के लिए 43 प्रत्याशी चुनाव लड़े। जिनमें 15 भाजपा और कांग्रेस के थे तो वहीं 7 गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के। अन्य निर्दलीय प्रत्याशी भी मैदान में उतरे थे।
इधर, भोपालपटनम और भैरमगढ़ में कांग्रेस और भाजपा के कुल 15-15 प्रत्याशी मैदान में उतरे थे। भोपालपटनम में 3 निर्दलीय और भैरमगढ़ में 3 जनता कांग्रेस के प्रत्याशी भी अपना भाग्य आजमाए हैं। आबकारी मंत्री कवासी लखमा के गढ़ कोंटा नगर पंचायत में भी भाजपा और कांग्रेस के 15 प्रयाशी हैं तो वहीं 2 CPI के प्रत्याशी चुनाव लड़े।
सुबह 8 बजे से शुरू हुई वोटिंग, मतदाताओं की लगी कतार
सुबह 8 बजे से वोटिंग शुरू हुई। मतदाताओं में इलेक्शन को लेकर भारी उत्साह देखने को मिल था। नरहरपुर में महिला वोटरों ने कहा कि इस बार हम विश्वास के साथ सिटी सरकार बनाएंगे। इधर भैरमगढ़ में बुजुर्ग मतदाता भी अपने मत का प्रयोग करने के लिए मतदान केंद्र पहुंच रहे हैं। भोपालपटनम के मतदाताओं ने कहा कि पार्टी प्रत्याशियों से ज्यादा उनके लिए जो काम करने वाला चेहरा है उसी को इस चुनाव में जिताएंगे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.