छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में पति ने अपनी पत्नी की इसलिए पिटाई कर दी, क्योंकि वह अपने साथ काम करने वाले मेल फ्रेंड्स के साथ पिक्चर देखने गई थी। पति ने थिएटर से निकलते ही उसे जमकर पीट दिया। जिससे महिला बुरी तरह घायल हुई है। इतना ही नहीं आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी है। पुलिस ने अब इस मामले में आरोपी पति के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामला कांकेर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, शहर के टिकरापारा में रहने वाली गीता मानिकपुरी अपने साथ काम करने वाले लोकेश पानीग्राही और चुम्मन मरकाम के साथ गुरुवार रात को मॉल में मूवी देखने गई थी। गीता किसी फाइनेंस कंपनी में नौकरी करती है। रात को 12.30 बजे फिल्म खत्म होने के बाद वह थिएटर के बाहर निकली ही थी कि वहां उसका पति जगजीत सिंह पहुंच गया। जगजीत सिंह ने यहां किसी की एक न सुनी। उसने वहीं गीता के साथ मारपीट शुरू कर दी।
अलग-अलग रहते हैं पति-पत्नी
गीता ने बताया कि मारपीट में उसके शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। अब पुलिस ने शिकायत के बाद आरोपी जगजीत सिंह के खिलाफ मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज किया है। गीता मूल रूप से नारायणपुर की रहने वाली है। दोनों की शादी 2013 में हुई थी। कुछ समय पहले भी जगजीत ने उसके साथ मारपीट की थी। जिसके बाद से दोनों अलग-अलग रहते हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.