पुलिस की कार्रवाई:शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, नाबालिग हुई गर्भवती, आरोपी लखनऊ से गिरफ्तार

कुंडा2 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
आरोपी लक्ष्मीकांत - Dainik Bhaskar
आरोपी लक्ष्मीकांत

कुंडा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। लड़की के 7 माह की गर्भवती होने पर दुष्कर्म का खुलासा हुआ। पीड़ित परिजन की रिपोर्ट पर पुलिस ने 8 महीने से फरार आरोपी को लखनऊ (उत्तरप्रदेश) से गिरफ्तार किया है।

मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी लक्ष्मीकांत पिता कुमार चंद्रवंशी (31) ग्राम हथमुड़ी का रहने वाला है। फरवरी से नवंबर 2020 के बीच आरोपी ने शादी का झांसा देकर एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म करता रहा। फिर लड़की ने जब शादी के लिए कहा, तो उसने मना कर दिया। करीब 8 महीने पहले आरोपी लक्ष्मीकांत गांव से फरार हो गया।

इस बीच पीड़ित लड़की का गर्भ ठहर गया। लाेक-लाज के डर से उसने परिजन को भी कुछ नहीं बताया। 7 माह की गर्भवती होने पर उसका पेट दिखने लगा, तब परिजन को इसका पता चला। मामले की रिपोर्ट कुंडा थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने धारा 376(2)(ढ़), 506, पॉक्सो एक्ट 4, 6 के तहत अपराध दर्ज किया। पुलिस को चकमा देने के उसने अपना मोबाइल नंबर ही बदल दिया था।

वारदात के बाद लखनऊ में टैक्सी चलाने लगा आरोपी

वारदात के बाद पुलिस से बचने के लिए करीब 8 महीने पहले आरोपी लक्ष्मीकांत लखनऊ (उप्र) चला गया। वहां उसने रहने के लिए किराए का एक कमरा लिया। रोजी- रोटी के लिए टैक्सी चलाने का काम करने लगा। आरोपी ने जब दूसरे नंबर से अपने घर में कॉल किया, तो पुलिस ने उसे ट्रेस कर लिया। पुलिस टीम लखनऊ पहुंची, जहां से आरोपी को गिरफ्तार कर लाया गया। कोर्ट में पेशी के बाद उसे ज्यूडिशियल रिमांड में जेल भेजा।