रायपुर के पंडरी इलाके की एक ज्वेलरी शॉप में बड़ी चोरी हुई है। अब तक सामने आई जानकारी के मुताबिक चोर यहां से 25 लाख के गहने लेकर भागा है। चोरी किसने की ये पुलिस को अब तक पता नहीं चला है। ये घटना शुक्रवार आधी रात के वक्त हुई। सुबह जब दुकानदार शॉप खोलने पहुंचा तो शटर का टूटा ताला देखकर दंग रह गया। अंदर झांकने पर पर शो केस से गहनों के सेट गायब मिले।
फौरन इसकी जानकारी देवेंद्र नगर थाने में दी गई। खबर मिलते ही सिटी एसपी तारकेश्वर पटेल मौके पर पहुंचे। दुकान का मुआयना किया। मंडीगेट के पास बने एक कॉम्पलेक्स की कृष्णा ज्वेलर्स नाम की दुकान में यह चोरी हुई है। देवेंद्र नगर थाने की टीम को जांच में लगाया गया है। दुकान और चौराहे के आसपास लगे CCTV कैमरों की छानबीन की जा रही है।
रेकी के बाद बड़े आराम से की चोरी
पुलिस को शक है कि इस चोरी के पीछे किसी पुराने बदमाश का हाथ रहा होगा। चोर ने दुकान की कई बार रेकी की। दुकान के बंद होने की टाइमिंग वगैरह को देखने के बाद उसने इस वारदात को अंजाम दिया। शटर के मजबूत तालों को तोड़ा।
अंदर की तरफ से लॉक कांच के दरवाजे का भी तोड़ा गया है। किसी को पता भी नहीं चला। चोर यहीं से दुकान के भीतर दाखिल हुआ और चोरी के गहने लेकर फरार हो गया। जिस सड़क पर चोरी हुई वहां पुलिस की पेट्रोलिंग भी होती है, मगर चोर ने अपना काम कर ही दिया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.